सहरसा। बिहार विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार और एसपी राकेश कुमार ने समाहरणालय सभागार में प्रेसवार्ता के जरिए चुनावी तैयारी की जानकारी दी। डीएम ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। 20 अक्टूबर तक चारों विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों का नामांकन होगा। 21 को संवीक्षा और 23 को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित है। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा निर्धारित समय के अनुसार 74 सोनवर्षा और 75 सहरसा विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से संध्या छह बजे तक मतदान होगा, जबकि 76 सिमरीबख्तियारपुर और 77 महिषी विधानसभा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के कारण सुबह सात बजे से संध्या चार बजे तक ही मतदान होगा।
-----------
महज 855 बुजुर्ग मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट के लिया आवेदन फार्म
----
डीएम ने बताया कि आयोग ने 80 वर्ष से अधिक आयुवाले और पीडब्लूडी मतदाताओं को विकल्प के रूप में डाक मतपत्र के जरिए मतदान की सुविधा प्रदान की है। इसके लिए सभी बीएलओ के माध्यम से ऐसे मतदाताओं को फार्म 12 डी भेजा गया था, जिसमें मात्र 855 मतदाताओं ने फार्म लिया। शेष मतदाताओं ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर ही मतदान करने की इच्छा जताई।
--------
1865 मतदान केंद्रों पर 13 लाख 13 हजार 777 वोटर करेंगे मतदान
-------
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले में छह लाख 79 हजार 856 पुरूष और छह लाख 33 हजार 903 महिला मतदाता तथा 18 तृतीय लिग के मतदाता मिलाकर कुल 13 लाख 13 हजार 777 मतदाता है। कहा कि जिले में 1740 सेवा मतदाता, 80 वर्ष से ऊपर उम्र के 15143 तथा 6266 पीडब्लूडी मतदाता है। इन मतदाताओं के मतदान हेतु1865 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
--------
जिले में बनाएं गए 110 महिला मतदान केंद्र
----
डीएम ने कहा कि जिले में पूर्व से 1304 मतदान केंद्रों के अलावा 561 सहायक मतदान केंद्रों बनाए गए हैं। कुल 798 भवनों में सभी 1865 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसमें जहां 16 चलंत मतदान केंद्र हैं, वहीं 110 महिला मतदान केंद्र है। जिसमें सिर्फ महिला मतदानकर्मियों की नियुक्ति की गई है। जबकि 509 मिश्रित मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां दो महिला और दो पुरूष कर्मी लगाए जा रहे हैं। कहा कि इस लिहाज से पहली बार 15 सौ महिला मतदान कर्मी लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है। व्यय प्रेक्षक का भी आगमन हो चुका है। आदर्श आचार संहिता के तहत अबतक सहरसा विधानसभा क्षेत्र में चार और सोनवर्षा विधानसभा क्षेत्र में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
---------------
36 अवैध हथियार और 112 कारतूस हुआ बरामद
----
विधि व्यवस्था के मद्देनजर पुलिसिया कार्रवाई की जानकारी देते हुए एसपी राकेश कुमार ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर 20 जुलाई से ही अभियान तेज कर दिया गया है। 36 अवैध हथियार और 112 कारतूस बरामद किया गया है, जिसमें एक मिनी गन फैक्ट्री भी शामिल है। कहा कि अबतक 754 लाइसेंसी हथियार का सत्यापन किया गया है। सत्यापन की कार्रवाई चल रही है। निर्धारित तिथि के बाद लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि अबतक 10935 लोगों के विरुद्ध धारा 107 व 116 के तहत कार्रवाई की गई है। जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में 21 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। वाहन चेकिग के दौरान 54 लाख राशि जब्त की गई है। 104 लोगों के विरुद्ध सीसीए का प्रस्ताव भेजा गया, जिसमें 80 की स्वीकृति मिल गई। यह प्रक्रिया चुनाव तक जारी रहेगा।
कहा कि भेद्द मतदाताओं पर विशेष नजर रखी जा रही है। कहा कि इस बार पूर्व के चुनाव से अधिक सशस्त्र बल और अर्द्धसैनिक बन चुनाव में लगाए जाएंगे। दियारा इलाके में पेट्रोलिग के लिए मोटरसाइकिल दस्ता बनाया गया। इसके अलावा बड़ी संख्या में घुड़सवार को भी लगाया जाएगा।
एसपी ने बताया कि वाहनों की चेकिग के लिए पूर्व से ही टीम गठित है। वाहन चेकिग के दौरान अबतक तीन लाख 40 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर, मधेपुरा, सुपौल, खगड़िया और दरभंगा जिले की सीमा सहित 21 चेक पोस्ट बनाए जा रहे हैं। इन चेक पोस्टों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. सौहेल अहमद, डीपीआरओ दिलीप कुमार देव मौजूद रहे। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सौहेल अहमद, डीपीआरओ दिलीप कुमार देव, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी रश्मि आदि मौजूद रहे।