पटना। बिहार के मुंगेर जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के समय अचानक से अफरा-तफरी मच गई। दरअसल जिले में जेडीयू प्रत्याशी के समर्थन में सीएम नीतीश जनसभा करने पहुंचे थे। लेकिन तभी हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान तेज हवा ने सभा स्थल पर लगे सभी पंडालों को उड़ा दिया। जिसकी वजह से सभा स्थल पर लोगों की भीड़ पर सुरक्षाकर्मी स्थिति को काबू करने में असफल रहे।
.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुनावी सभाएं
दरअसल बिहार मेंं चुनाव 2020 को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुनावी सभाएं शुरू हो चुकी हैं।
ऐसे में इस दौरान सीएम नीतीश का हेलीकॉप्टर अपने निश्चित समय पर सभा स्थल आरएसके उच्च विद्यालय के मैदान में पहुंच गया। उसी समय सभा स्थल के पास बने लैंडिंग स्पॉट पर जब हेलीकॉप्टर लैंडिंग कर रहा था, तो उसके पंखों की तेज हवा से सभा स्थल पर लगाया गया पंडाल उड़ गया। उस पंडाल के नीचे लोगों की काफी भीड़ थी।
फोटो-सोशल मीडिया
.
भीड़ होने से अफरातफरी
लैंडिंग के दौरान पंडाल के हवा में उड़ते ही सभा स्थल पर भीड़ की वजह से भगदड़ मच गई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह हालात पर काबू पा लिया, लेकिन भीड़ होने से अफरातफरी की स्थिति काफी देर तक बनी रही।
इस वाकये के बारे में सीएम नीतीश कुमार की सभा में आए दीपक कुमार ने बताया कि बाल बाल बच गए। वहीं बताया जा रहा है कि पंडाल को ठीक से बांधा नहीं गया था, इसलिए तेज हवा की वजह से पंडाल उड़ गया।
