पूर्णिया। सीमावर्ती क्षेत्र से बिहार के विभिन्न जिले में भेजे जा रहे शराब की तस्करी पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। गुरुवार को पुलिस टीम ने बायसी और डगरूआ थाना क्षेत्र में स्प्रिट और शराब तस्करी की दो बड़ी खेप के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया। इस दौरान छह हजार लीटर स्प्रिट और 1692 लीटर विदेशी शराब जब्त किया गया।
इस बाबत एसपी विशाल शर्मा ने बताया कि बंगाल सीमा से स्प्रिट एवं शराब तस्करी की सूचना पर बायसी एवं डगरूआ थाना क्षेत्र में बायसी एसडीपीओ ने नेतृत्व में पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान सुबह डगरूआ थाना क्षेत्र में वाहन जांच को देखकर बंगाल की ओर से आ रही एक ट्रक को चालक सड़क किनारे खड़ा कर भागना चाहा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ा और ट्रक का जांच किया। ट्रक में 200 लीटर वाले 30 ड्राम में छह हजार लीटर स्प्रिट बरामद हुआ। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्प्रिट लदे ट्रक सहित उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी चालक सुवेष सिंह को गिरफ्तार किया। उसने बताया कि किशनगंज से उसे रक्सौल पहुंचाने के लिए ट्रक दिया गया था। वहीं दोपहर में बायसी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के क्रम में बंगाल की ओर से आ रही ट्रक को रोककर जांच किया गया तो ट्रक में चावल के बोरी के नीचे कार्टन में शराब छिपाकर तस्करी करते चालक को पकड़ा गया। ट्रक में विभिन्न प्रकार का 188 कार्टन में 1692 लीटर शराब था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिलिगुड़ी निवासी ट्रक चालक रंजीत राय को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि पिल्टू नाम का व्यक्ति उसे सिलिगुड़ी में शराब दिया। बताया कि पूर्णिया जीरोमाइल में एक व्यक्ति उससे संपर्क कर साथ में अररिया जाता जहां शराब डिलीवरी किया जाता। पुलिस ने उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।