भागलपुर। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, पटना की टीम ने मंगलवार की सुबह दस बजे बाइपास टोल प्लाजा के पास गांजा लदा कंटेनर लॉरी जब्त कर लिया। टीम के क्षेत्रीय निदेशक कुमार मनीष के निर्देश पर धीरज कुमार के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम ने छापेमारी की। क्षेत्रीय निदेशक ने तकनीकी निगरानी के जरिए गांजा की इस खेप का पता किया था। टीम के सदस्य लॉरी का इंतजार कर रहे थे। जबकि तस्कर गाड़ी रोक एक होटल में नास्ता करने लगे थे। उन्हें स्कॉट करने के लिए एक स्कॉर्पियो पर चार लोग सवार थे। उनलोगों ने टीम के सदस्यों को देख तेजी से गाड़ी भगा ली। खुद को बचाने के चक्कर में एक साथी मदन छूट गया। टीम में शामिल अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया फिर लॉरी में बैठे चालक गोविंद कुमार और इंद्रपाल को भी दबोच लिया। स्कॉर्पियो को लेकर तीन शातिर भागने में सफल रहे। टीम के हाथ लॉरी और तीन आरोपित लग गए। लॉरी संख्या पीबी 13 बीइ 5813 के अंदर नारियल का डाभ लदा था। कंटेनर का दरवाजा खोलते ही डाभ भरभरा कर बाहर निकलने लगा। किसी तरह टीम के सदस्यों ने दरवाजा लगाया। लॉरी को इशाकचक थाना लाया गया। लॉरी से 12 बड़े पैकेट में भरा गांजा बरामद किया गया जो 203 छोटे पैकेट में बंटे हुए थे। उसे नारियल के डाभ के नीचे दबा कर रखा गया था। वजन में 370 किलो यानी तीन क्विंटल 70 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।
विशाखापत्तनम से पहले सुपौल फिर मधुबनी जाना था तस्करों को
एनसीबी टीम के अधिकारियों ने बताया कि लॉरी में लदा नारियल का डाभ सुपौल में उतारना था जबकि गांजा मधुबनी ले जाया जा रहा था।
शातिर गोविंद ने तोड़ा सिम
इशाकचक थाने में जब एनसीबी टीम के अधिकारी गोविंद से गांजा तस्करी संबंधी पूछताछ कर रहे थे। तब उसने जेब में पड़े एक सिम को झट से तोड़ दिया। उसके उस हरकत पर अधिकारियों ने उसकी अच्छी खबर भी ली। दरअसल अधिकारी उससे विशाखापत्तनम के माफिया की जानकारी लेना चाह रहे थे। गांजा आंध्र प्रदेश में उपजा हुआ था। उसे नशे की दुनियां में अच्छी श्रेणी का गांजा माना जाता है। अबतक टीम के पास मणिपुरी, असम, नगालैंड का ही गांजा ज्यादातर हाथ लगा था। गोविंद से मिली जानकारी के जरिए टीम गिरोह के बड़े नेटवर्क को तोडऩे में लगी है।
अरवल, मधुबनी और झंझारपुर के रहने वाले हैं गिरफ्तार तस्कर
गिरफ्तार तस्करों में झंझारपुर के बीरपुर निवासी मदन कुमार, मधुबनी निवासी गोबिंद कुमार और अरवल निवासी इंद्रपाल शामिल हैं। इस मामले का केस एनसीबी पटना में दर्ज होगा। बरामद गांजा और आरोपितों की प्रस्तुति बुधवार को व्यवहार न्यायालय भागलपुर में होनी है।