बिहार के जहानाबाद जिले के गड़ेरियाखंड मोहल्ला में रहने वाले एक प्रेमी जोड़े की बुधवार को अंततः शादी करा दी गई। दोनों पक्षों के अभिभावकों की मौजूदगी में निकाह पढ़ा गया और इसके बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में महिला थाने में पहुंचे, जहां महिला थानाध्यक्ष अलका सोनी समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने दोनों के उज्जवल भविष्य की मंगल कामना का आशीर्वाद दिया।
बता दें कि उक्त लड़की ने करीब डेढ़ साल से अपना यौन शोषण करने का आरोप लगा महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराया था, जिसमें उक्त युवक, उसके पिता और चाचा को आरोपित किया गया था। बताया गया है कि दोनों के बीच प्रेम- प्रसंग भी चल रहा था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद समाज के कुछ लोग आगे आए और समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को मिलाया और दोनों का निकाह कराया।
गड़ेरियाखंड के निवासी मो. अफरोज अहमद की पुत्री साजिया परवीन की उसी मोहल्ले के निवासी मो. इनामूल हक के पुत्र मो. जिशान नामक युवक के साथ निकाह कराया गया है। इसकी पुष्टि महिला थानाध्यक्ष अलका सोनी ने की है। उन्होंने जानकारी दी कि मोहम्मद डॉ.अनवर समेत अन्य लोगों की मौजूदगी में दोनों प्रेमी जोड़े दांपत्य जीवन में बंधे। थाने में आने के बाद दोनों को खुशी-खुशी जीवन जीने की नसीहत के साथ आशीर्वाद दिया गया।