सहरसा। मध्य विद्यालय सिसई के प्रधानाध्यापक सत्यनारायण राम द्वारा एमडीएम का चावल बेचे जाने का मामला सामने आया है। हालांकि प्रधानाध्यापक द्वारा बेचे गये चावल को ग्रामीणों ने पकड़कर अधिकारियों को इसकी सूचना दी। वहीं ग्रामीणों के आक्रोश को देखकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं जिस टेंपो पर चावल लदा था उसका चालक फरार हो गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार को मध्य विद्यालय सिसई में टेंपो पर लदे चावल की बोरी देखकर एक व्यक्ति ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ विद्यालय परिसर में जुट गई। विद्यालय परिसर में टेंपो पर लदे चावल को अपने कब्जे में लेकर इसकी सूचना सदर थाना सहरसा और विभागीय पदाधिकारियों को देते हुए स्थल पर आने का आग्रह किया। इसी बीच टेंपो चालक और स्कूल का प्रधानाध्यापक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पूर्व प्रधानाध्यापक ने विद्यालय भवन के पुराने ईंट को बेच दिया था। विरोध करने पर अनुसूचित जाति अधिनियम के तहत फंसाने की धमकी दी जाती है।-
--
डीपीओ ने दिया जांच का आदेश
----
सिसई मवि से कालाबाजारी के लिए ले जा रहे एमडीएम चावल को ग्रामीणों द्वारा पकड़ने के मामले में डीपीओ अमित कुमार ने जांच का आदेश दिया है। डीपीओ ने बताया कि ग्रामीणों ने पांच बोरी चावल बरामद किया है जिसे टेंपो से ले जाया जा रहा था। इस मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं स्कूल में स्टॉक की जांच होगी। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रधानाध्यापक के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।
