विधानसभा चुनाव की तैयारी में पुलिस जुट गई है। शुक्रवार की रात जिले में चलाए गये अभियान में 99 आरोपित की गिरफ्तारी की गई, जबकि 155 लीटर देसी और विदेशी शराब बरामद किया गया। अबतक कुल 35 बदमाशों के खिलाफ सीसीए का प्रस्ताव भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि आसन्न चुनाव को लेकर लंबित वारंट, कुर्की का निष्पादन तेजी से किया जा रहा है। शुक्रवार को चलाए गये अभियान में विभिन्न थाना क्षेत्रों से 99 आरोपित को गिरफ्तार किया गया जिसमें से 53 के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी किया गया था। वहीं दो के विरूद्ध कुर्की का आदेश था। इसके अलावा दो अपहृता की बरामदगी भी की गई है, जबकि शराब की बरामदगी के साथ बाइक भी जब्त की गई है।
एसपी ने बताया कि सदर थाना पुलिस ने 13, एससी-एसटी थाना ने एक, सौरबाजार थाना क्षेत्र से 14, बनगांव से सात, बिहरा से सात, महिषी से तीन, नवहट्टा से एक, सोनवर्षा कचहरी से दो, जलई से तीन, डरहार से चार, बैजनाथपुर से चार, पस्तपार से दो, सिमरीबख्तियारपुर से सात, सलखुआ से पांच, बनमा से एक, चिड़ैया से एक, बलवाहाट ओपी से आठ, कनरिया से दो, सोनवर्षा राज से छह बसनही से एक, काशनगर ओपी से एक आरोपित की गिरफ्तारी हुई। एसपी ने बताया कि कुख्यात बदमाशों पर नकेल कसने को लेकर 35 के खिलाफ सीसीए का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा सभी थानाध्यक्षों को लगातार वारंटियों के खिलाफ अभियान चलाकर गिरफ्तारी करने, शराब की बरामदगी का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर प्रशासन अभी से ही सजग है और हर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।