कटिहार। Katihar Weather Forecast : शुक्रवार की सुबह मुसलाधार बारिश के बीच वज्रपात की घटनाओं में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। साथ ही चार लोग झुलस गए। घटना कदवा, प्राणपुर व बलरामपुर थाना क्षेत्र में घटी है। कदवा प्रखंड के भर्री पंचायत के बढ़ैया गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 22 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। इस दौरान उसकी सगी बहन बुरी तरह झुलस गई। जख्मी का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गागंज में चल रहा है। जानकारी के अनुसार दहलू दास की पुत्री सबुरण देवी (22) एवं कलोशा देवी (20) वर्ष आंगन में चापाकल पर सब्जी धो रही थी। इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आने से सबुरण की मौत हो गई, जबकि कलोशा देवी घायल हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया है। सरपंच संजय कुमार दास ने मृतक के आश्रित को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इधर प्राणपुर प्रखंड के बस्तौल पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर ग्यारह निवासी श्यामलाल मंडल की मौत वज्रपात से हो गई। श्यामलाल खेत से घर लौट रहे थे, इसी दौरान वह वज्रपात की चपेट में आ गए। घटना की सूचना पर प्राणपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया है। स्थानीय मुखिया विनोद विश्वास, जदयू प्रखंड अध्यक्ष लड्डू सिंह, बैजुदीन अंसारी, दिलीप रजक, सुनील मंडल व तारिणी रजक ने मृतक के आश्रित को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।
बलरामपुर प्रखंड अंतर्गत तेलता ओपी क्षेत्र के तेलता महादलित टोला में शुक्रवार की सुबह ठनका की चपेट में आकर तीन महिलाएं झुलस गईं। शोभा देवी, पंखा देवी एवं जितनी देवी अपने घरों में ही थी। इसी दौरान घर के बाहर आकाशीय बिजली गिरने से तीनों बेहोश हो गई। तत्काल ग्रामीणों द्वारा तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलरामपुर ले जाया गया। फिलहाल तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।