सहरसा। नवहट्टा पश्चिम पंचायत बालू टोला से तीन दिन पूर्व लापता बच्ची का शव राजनपुर-कर्णपुर पथ किनारे सुगराहा पोखर से बरामद किया गया। हाफिज वसीम की 12 वर्षीय पुत्री गुलराज प्रवीण उर्फ मुस्कान बुधवार की शाम घर से बाहर निकली थी। उसके बाद घर वापस नहीं लौटी। बच्ची के पिता ने नवहट्टा थाना में बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने भी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। गांव की महिला जब देर शाम घास लेकर वापस आ रही थी तो पोखर में शव दिखा। लोगों को इसकी सूचना दी तो ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला। जिसकी पहचान मुस्कान के रूप में की गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में घटनास्थल लोग जमा हो गए। महज एक दो फीट पानी में बच्ची के डूबने को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही है।