बिहार के सुपौल जिले में त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के कुसहा पंचायत, टोला मयुरबा वार्ड दो में गुरुवार की दोपहर करंट से 26 वर्षीय युवक रंजीत कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। ग्रामीण सूत्रों ने बताया कि घटना उस समय घटी, जब मृत युवक बिजली तार को ठीक कर रहा था। इस क्रम में युवक बिजली प्रवाहित करंट के सम्पर्क में आ गया। बचाने दौड़े लोग जब तक पहुंचकर युवक को अस्पताल ले जाते तब तक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक युवक स्व. राम प्रसाद यादव उर्फ प्रसादी युवक का पुत्र था। मृतक को दो साल का एक पुत्र, एक साल की पुत्री है। इस घटना को लेकर परिवार सहित गांव में मातम पसर गया है। सम्पर्क करने पर थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पुलिस को भेजा गया था, लेकिन परिवार सहित ग्रामीण भी कुछ भी बताने से इनकार किया है।