Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा/वाहन चालक उड़ा रहे लॉकडाउन की धज्जियां - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 1, 2020

सहरसा/वाहन चालक उड़ा रहे लॉकडाउन की धज्जियां

सहरसा। जिले में वाहन चालक लॉकडाउन की धज्जियां उड़ा रहे हैं। अधिकांश चालक न गाड़ियों की साफ-सफाई करवा रहे हैं और न ही शारीरिक दूरी का ही पालन हो रहा है। हद यह कि चालक बगैर मास्क के ही चालक वाहन चला रहे हैं। वैसे शहर के मुख्य बस स्टैंड से लेकर शहर में जगह-जगह से खुलनेवाली छोटी एवं बड़ी गाड़ियों में सफर करने वाले लगभग पचास फीसद यात्री मास्क पहनकर यात्रा करते देखे जा रहे हैं।

ऑटो व छोटी गाड़ी वाले नहीं कर रहे नियमों का पालन

ऑटो सहित छोटे-छोटे स्टार बस में तो यात्री आम दिनों की तरह चढ़ते- उतरते हैं। इतना ही नहीं सहरसा से सुपौल या फिर मधेपुरा से आने के बाद कोई भी गाड़ी की धुलाई नहीं की जाती है। जबकि उन्हें हर ट्रिप में वाहन की धुलाई करनी है। लेकिन वाहन चालक इसे नजरअंदाज कर फिर से यात्रियों को बिठाना शुरू कर देते हैं। दूसरी ओर लंबी दूरी की चलनेवाली बसें पटना, भागलपुर जानेवाली बसों को सैनिटाइज करके ही बस स्टैंड में लाया जाता है। वहीं पटना से सहरसा आने पर बस स्टैंड में भी बस की धुलाई होती है। लेकिन सहरसा से आसपास इलाकों में चलनेवाले वाहनों की संख्या ही सबसे अधिक है। अमूमन हर दिन आठ से दस हजार यात्रियों की आवाजाही प्रतिदिन होती है। मालूम हो कि 25 अगस्त 20 से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के तहत बसों का परिचालन शुरू किया गया था। परिवहन व्यवस्था को लॉकडाउन के नियमों के अनुकूल ही सेवाएं चालू की गयी थी।

-----------------

वाहन चालक के लिए लागू है नियम

- वाहनों में चढ़ने से पूर्व यात्री को हाथ साफ करने हेतु सैनिटाइजर उपलब्ध कराएंगे।

- वाहनों की प्रतिदिन धुलाई की जाएगी। प्रत्येक ट्रिप की समाप्ति के बाद एवं प्रत्येक ट्रिप से पूर्व वाहन की पुन: सफाई आवश्यक होगी।

-वाहनों के अंदर चढ़ने, उतरने के समय यात्रियों को शारीरिक दूरी का अनुपालन कराएंगे।

- सफर कर रहे प्रत्येक यात्री को कोरोना से बचाव के उपायों संबंधी जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए पम्पलेट उपलब्ध कराए जाएंगे तथा कोविड-19 से बचाव की जानकारी भी उपलब्ध कराएंगे।

-------------------

कोट

बस स्टैंड में लॉकडाउन का पालन कराने के लिए दंडाधिकारी की तैनाती की गयी है। साथ ही नियमित रूप से बस चालकों को लॉकडाउन का पालन करने की हिदायत दी जाती है। यात्रा के दौरान यात्रियों को मास्क पहनना अनिवार्य है। बगैर मास्क के वाहन चालक के पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

शंभूनाथ झा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी