Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Weather Forecast : मानसून बना मेहरबान, सात दिनों तक बारिश होने की संभावना - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 2, 2020

Bihar Weather Forecast : मानसून बना मेहरबान, सात दिनों तक बारिश होने की संभावना

बिहार। Bhagalpur Weather Forecast  : सितंबर के पहले दिन मानसून भागलपुर सहित आसपास के लोगों पर मेहरबान रहा। लगातार गर्मी से परेशान लोगों के लिए मंगलवार की शाम सुकून दे गया था। शाम छह से रात साढ़े नौ बजे तक हुई प्रत्‍येक जिलों में बारिश हुई। कहीं-कहीं से रात भर रुक-रुक कर बारिश होने की सूचना है। बारिश के कारण निचले सड़कों पर एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा रहा। नालियों में बहाव तेज हो गया है। भागलपुर के भोलानाथ पुल, कचहरी चौक, तिलकामांझी चौक, आनंद चिकित्सालय रोड, बरारी, लोहिया पुल के नीचे, लोहा पट्टी, आरबीएसएस रोड भीखनपुर, तिलकामांझी सहित अन्य मार्ग जलमग्न होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भोलानाथ पुल और लोहिया पुल के नीचे लोहा पट्टी की ओर जाने वाली सड़क पर तो ज्यादा पानी बहने लगा था। कल भागलपुर में 25 एमएम बारिश हुई। बुधवार सुबह से मौसम साफ है। बारिश होने की सूचना कहीं से नहीं मिली है।

अभी और बारिश की उम्मीद

बीएयू के मौसम विभाग ने एक सप्ताह तक बारिश होने उम्‍मीद जताई है। ग्रामीण मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने कहा है कि लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मंगलवार को 25 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड किया गया था। लगातार अभी और रुक-रुक कर बारिश होने की उम्‍मीद है।

धान और गन्ने को फायदा

इस बारिश से धान और गन्ने की फसल को काफी फायदा हुआ है, हालांकि इस फसल के लिए अभी और जल की आवश्‍यकता है। लेकिन सब्जी की खेती को बारिश से क्षति होगी। बारिश के कारण तापमान में भी एक से दो डिग्री गिरावट आएगी। हल्की-हल्‍की हवा भी चलेगी।

लखीसराय में मंगलवार की रात खूब बारिश हुई है। बादल गर्जन के साथ घंटों मूसलाधार बारिश हुई है। जिला मुख्यालय के लोगों ने जहां उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की वहीं ग्रामीण इलाके के धान उत्पादक किसानों को भी खुशी मिली। आज सुबह से धूप नहीं नहीं निकली है। हल्की हवा भी चल रही है। अररिया में बुधवार सुबह से धूप है। कल रात में हल्की बारिश हुई है। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। बांका में धूप खिली है। रात में बारिश होने के कारण धूप में नरमी है। सहरसा में मंगलवार की शाम जोरदार बारिश हुई। बुधवार को आसमान में बादल मंडरा रहे हैं। बारिश की संभावना है। सुपौल में मौसम साफ है। मंगलवार की रात मुसलाधार बारिश हुई। बुधवार की सुबह धूप निकली है लेकिन तल्खी कम है। किशनगंज में धूप खिली है। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। हालांकि बादल की लुकाछिपी से बारिश की संभावना है। इसी तरह मंगलवार को भी दिनभर आकाश में बादल छाया रहा, लेकिन बारिश नहीं होने से उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। मधेपुरा में मंगलवार की शाम जोरदार बारिश हुई थी। बुधवार को सुबह से मौसम साफ है। मुंगेर में मंगलवार की देर रात बारिश हुई। सुबह से भी तेज हवा चल रही थी। लेकिन, नौ बजे के बाद धूप निकल आई। मौसम विभाग के अनुसार आज दिन भर आसमान में बादल रहेंगे। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने का अनुमान है। कटिहार में धूप-छांव का क्रम जारी है। हल्की हवा चल रही है। बारिश की संभावना बनी हुई है। खगड़िया में मौसम साफ नहीं है। आसमान में बादल छाये रहने के कारण धूप-छांव का क्रम जारी है। बीते शाम तेज हवा के साथ बारिश होने से तापमान में हल्की कमी आई है। अभी 29 डिग्री सेल्सियस के करीब है। केवीके के मौसम विज्ञानी के अनुसार आज भी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हल्की तेज हवा चल सकती है।