कटिहार। निकाह का भरोसा देकर तीन बच्चों की मां का गत एक वर्ष से लगातार यौन शोषण किया गया। जब महिला गर्भवती हो गई तो आरोपित ने निकाह करने से इंकार कर दिया। पति से अनबन के बाद गत छह वर्षों से अलग रह रही पीडि़ता इस मामले को लेकर कदवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
पति के साथ छह साल से नहीं रहती थी पीडि़ता, तीनों बच्चे भी मायके में रहते थे साथ
दर्ज प्राथमिकी में पीडि़ता ने कहा है कि वह शादी-शुदा है और तीन बच्चे भी हैं। पति से सामंजस्य नहीं होने के कारण छह वर्ष पूर्व ही वह बच्चों के साथ मायके आ गई और वहीं रहने लगी। एक वर्ष पूर्व मु. मुशर्रफ नामक व्यक्ति ने मक्के के खेत मे उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी परिजन को देने के बाद पंचायत भी बैठी थी। इसमें मुशर्रफ ने निकाह करने का आश्वाशन देकर मामले को रफा दफा कर दिया। इधर उसके गर्भवती होने के तीन माह बाद वह निकाह करने से इंकार कर दिया। इस बीच पंचों की सहमति से वह अपने बच्चे को लेकर उसके घर चली गई। वहां उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट कर भगा दिया। साथ हीं उसके स्वजनों द्वारा जान से मारने की धमकी के साथ गर्भपात कराने का दबाब बनाया जा रहा है। थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हर किसी से न्याय की गुहार लगा रही पीडि़ता
पीडि़ता हर किसी से न्याय की गुहार लगा रही है। पीडि़ता ने कहा कि दुष्कर्म की घटना के बाद पंचायत के सामने उसने शादी की बात कही थी। इसके बाद सभी लोग मान गए थे। उस वक्त आरोपित के स्वजन और पीडि़ता के स्वजन दोनों मौजूद थे। लेकिन गर्भवती होने के बाद वह मुकर गया। उसने थाने में भी आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
