Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News: पत्नी के सांवली होने की सजा, स्प्रिट डालकर लगा दी आग, पति और सास पर हत्या का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 13, 2020

Bihar News: पत्नी के सांवली होने की सजा, स्प्रिट डालकर लगा दी आग, पति और सास पर हत्या का आरोप

संदीप कुमार, बेगूसराय
बिहार के बेगूसराय में एक विवाहिता को स्प्रिट से जलाकर मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, महिला के सांवली होने की वजह से ससुराल वालों पर ही उसे मारने के आरोप लगे हैं। परिजनों का आरोप है कि आग लगाने के बाद जब इलाज के लिए महिला को लाया जा रहा था तो भी उसकी सास और पति ने उसकी पिटाई की थी।

परिजनों का पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप
पूरा मामला 3 सितंबर का बताया जा रहा, जिसमें घायल विवाहिता की इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। बीरपुर थाना इलाके के पकरी गांव निवासी विष्णु देव महतो ने अपनी बेटी प्रेमलता कुमारी की शादी 2017 में सीतामढ़ी के डुमराव निवासी पप्पू कुमार से की थी। शादी के समय परिजनों की ओर से ससुराल पक्ष को खास उपहार और समान भी दिए गए थे। परिजनों का आरोप है कि शादी के वक्त से ही पप्पू कुमार और उसकी मां ने प्रेमलता के सांवली होने का मुद्दा बनाया। साथ ही दहेज के लिए प्रताड़ित भी करना शुरू कर दिया।

इसे भी पढ़ें:- जेपी नड्डा के पटना में पहुंचते ही नरम हुए चिराग पासवान, बोले- सीटों को लेकर कोई झगड़ा नहीं

2017 में हुई थी शादी
प्रेमलता कुमारी का पति पप्पू कुमार के बारे में बताया जा रहा कि वो नावकोठी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। नाव कोठी पीएचसी के पीछे किराये के मकान में रहता है। आरोप है कि 3 सितंबर को भी पप्पू कुमार और उसकी मां ने प्रेमलता को प्रताड़ित किया और फिर उसके शरीर पर स्प्रिट छिड़ककर आग लगा दी।

दहेज को लेकर भी बनाया जा रहा था दबाव
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि सांवली होने की वजह से उस पर लगातार जुल्म किए गए। ससुराल पक्ष बदले में जमीन और गाड़ी की मांग कर रहा था, इसी वजह से घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।