बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के उत्तरी टोला भीखनपुर में एक विवाहिता की उसके पति एवं ससुराल वालों ने गला दबा कर हत्या कर दी तथा इसकी सूचना उसके मायके वालों को वीडियो कॉल कर दी।
मृतका फूल कुमारी के पिता जयराम शर्मा ने बताया कि दामाद बीएसएफ जवान रितेश कुमार चौधरी ने गुरुवार की देर रात वीडियो कॉल कर बताया कि उनके पुत्री की हत्या कर दी गई है। उन्होंने बताया कि छह वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री की शादी बीएसएफ जवान रितेश चौधरी से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उससे दहेज की मांग कर उसके साथ मारपीट किया करते थे। इस बात को लेकर कई बार ग्रामीण स्तर पर पंचायती भी हुई थी। इस बीच उन दोनों को एक पुत्र हुआ जो अभी करीब चार वर्ष का है। गुरुवार की रात ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस वहां पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि हत्या मामले में पति एवं ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।