भागलपुर। सबौर थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव में सोमवार की रात ससुर ने जान मारने की नीयत से दामाद पर गोलियां चला दी। हालांकि, दामाद सौरभ कुमार पोद्दार बाल-बाल बच गया। दोनों गोलियां बगल से गुजर गई। वह जान बचाकर भागा। घटना के बाद आरोपित ससुर रामदेव मंडल भी फरार हो गया। सबौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की, जिसके बाद केस दर्ज करने की कवायद शुरू हुई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का बयान लिया। बाबूपुर निवासी सौरभ पूर्व मुखिया गोपाल पोद्दार का पुत्र है। ट्यूशन पढ़ाकर परिवार चलाता है।
प्रेम विवाह की रंजिश में घटना को दिया अंजाम
सौरभ के चचेरे भाई गौरी शंकर पोद्दार ने बताया कि दो साल पूर्व रामदेव मंडल की पुत्री उमा से सौरभ की शादी हुई थी।
सौरभ अपनी पत्नी के साथ खुशी-खुशी जिंदगी बिता रहे हैं। लेकिन, रामदेव को अभी भी रिश्ता मंजूर नहीं है। पूर्व की रंजिश में घटना को अंजाम दिया है। बीते दो साल से पति-पत्नी साथ रह रहे हैं। एक बेटा भी है।
इलाके में तरह-तरह की हो रही चर्चा
सबौर थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव में सोमवार की रात ससुर की ओर से जान से मारने की नीयत से दामाद पर गोली चलाने का मामला अब तूल पकडऩे लगा है। इलाके में इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी है। लोगों का कहना है कि रामदेव मंडल इस शादी से काफी खफा थे। वह अपनी बेटी की शादी सौरभ के साथ करने के लिए तैयार नहीं थे। यह पहला मौका नहीं है जब रामदेव मंडल ने इस तरह की हरकत की हो। इससे पहले भी वह कई बार वह इस तरह की घटना को अंजाम देने के लिए योजना बना चुके थे। लेकिन वह अपने मनसूबे में कभी कामयाब नहीं हो सके थे। अब पुलिस उन्हें खोज रही है।
इस घटना की चर्चा हर ओर हो रही है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।