Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:रजिस्ट्रेशन कराने गई 9वीं की छात्रा से शिक्षक ने की छेड़छाड़, गांव के लोगों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, पुलिस के सामने भी हुआ बवाल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 24, 2020

BIHAR NEWS:रजिस्ट्रेशन कराने गई 9वीं की छात्रा से शिक्षक ने की छेड़छाड़, गांव के लोगों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, पुलिस के सामने भी हुआ बवाल

भागलपुर के खरीक में बुधवार को महेश कुमार नाम के शिक्षक ने 9वीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। उसने छात्रा को परेशान किया और उसका मोबाइल नंबर मांगा। घटना अठगामा हाई स्कूल की है। छात्रा स्कूल से लौटकर घर गई और परिजन को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया।

छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने से परिजन और गांव के लोग भड़क गए। दोपहर को करीब 500-600 लोग हाईस्कूल पहुंच गए और आरोपी शिक्षक को पकड़कर पीटने लगे। पिटाई से बचने के लिए महेश ने भागने की कोशिश की तो लोगों ने उसे दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस दौरान सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर स्कूल के स्टाफ रूम में बंद कर दिया। इस दौरान गांव के लोगों ने पुलिस के जवानों के साथ धक्का-मुक्की की।

गांव के लोग स्कूल परिसर में जुटे रहे। लोग महेश को बाहर निकालने और खुद सजा देने की मांग कर रहे थे। पुलिस कर्मियों ने काफी देर तक लोगों को समझाया, लेकिन वे मानने को तैयार न थे। इसके बाद पीड़ित छात्रा को बुलाकर उससे आवेदन लिखवाया गया। छात्रा का आवेदन लेकर पुलिस कर्मियों ने आरोपी शिक्षक को जीप में बैठाया और उसे थाने लेकर जाने लगे। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस जीप पर पथराव कर दिया। ग्रामीणों की पिटाई से शिक्षक घायल हो गया है। इसके सिर में चोट लगी है।