Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:दिल्ली और मुंबई की तरह अब बिहार के सभी 45, 945 गांवों को जल्द मिलेगी हाई स्पीड इंटरनेट सर्विस - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 21, 2020

BIHAR NEWS:दिल्ली और मुंबई की तरह अब बिहार के सभी 45, 945 गांवों को जल्द मिलेगी हाई स्पीड इंटरनेट सर्विस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिहार के सभी 45,945 गांवों को ऑप्टिकल फाइबर इंटरनेट से जोड़ने वाली परियोजना'हर गांव में ऑप्टिकल फाइबर द्वारा इंटरनेट सुविधा' का शुभारंभ किया। भारत सरकार के दूरसंचार विभाग की इस परियोजना के तहत लगभग 1,000 करोड़ रुपए की लागत से बिहार के सभी गांवों में मार्च 2021 तक ऑप्टिकल फाइबर बिछा कर तेज गति इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। 

बता दें कि पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त, 2020) को लाल किले से दिए अपने संबोधन में कहा था की अगले एक हजार दिनों में देश के सभी छः लाख गांवों को ऑप्टिकल फाइबर इंटरनेट से जोड़ा जाएगा। इसी की शुरुआत उन्होंने बिहार से की है और राज्य में इस कार्य को पूरा करने के लिए 31 मार्च, 2021 तक लक्ष्य भी रखा है।

पीएम मोदी ने इस परियोजना को बिहार के डिजिटल भविष्य का शुभारंभ बताया। उन्होंने कहा की इंटरनेट की अच्छी उपलब्धता से गांव और शहर की दूरियां मिटेंगी और लोगों को कई सुविधाओं के लिए शहर नहीं आना पड़ेगा। उन्होंने बिहार के लोगों को इस बात की भी बधाई दी कि इस परियोजना के पूरा होने पर सभी गांवों को ऑप्टिकल फाइबर इंटरनेट से जोड़ने वाला बिहार देश का पहला राज्य बन जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि डिजिटल लेनदेन के मामले में भारत दुनिया के अग्रणी देशों में से एक है। अगस्त 2020 में अकेले यूपीआई के माध्यम से लगभग 3 लाख करोड़ रुपये का लेन-देन किया गया था। 

वहीं इस योजना के तहत बिहार के दूरदराज क्षेत्रों में 'डिजिटल क्रांति' आएगी। इस परियोजना का क्रियान्वयन संचार विभाग, इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और कॉमन सर्विस सेंटर्स (सीएससी) के संयुक्त प्रयासों से किया जाएगा। सीएससी के बिहार भर में 34 हजार 821 केंद्र हैं और वह अपने कार्यबल का इस्तेमाल इस परियोजना में करेगा। इस परियोजना के तहत प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों जैसे सरकारी संस्थानों में एक वाई-फाई और पांच मुफ्त कनेक्शन की सुविधा दी जाएगी। इस परियोजना से ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।