Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News:पिकअप वैन से 129 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 10, 2020

Bihar News:पिकअप वैन से 129 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

संवाद सहयोगी, किशनगंज : टाउन थाने की पुलिस व उत्पाद विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करके एनएच 31 पर पिकअप वैन से गांजा की खेप बरामद किया है। वैन के तहखाने में 16 पैकेट में रखे गए कुल 129 किलो गांजा के साथ दो तस्कर भी दबोचे गए हैं। गिरफ्तार तस्कर जोशिम अली बंगाल के कूचबिहार जिले के कालीबाड़ी व एकरामुल इस्लाम कूचबिहार के नवाबगंज का रहने वाला है। दोनों तस्करों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

गुरुवार को टाउन थाना में इस आशय की जानकारी देते हुए एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी ने बताया कि किशनगंज के रास्ते मादक पदार्थ की तस्करी किये जाने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टाउन थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। अवर निरीक्षक नवीन कुमार सदल बल के साथ फरिगगोड़ा मद्यनिषेध चेक पोस्ट पहुंचे और उत्पाद विभाग के साथ मिलकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान सिलीगुड़ी की दिशा से तेज रफ्तार से आ रही डब्ल्यू बी73 बी 9919 नंबर की पिकअप वैन को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख चालक ने वाहन की रफ्तार तेज कर दी। छापेमारी टीम ने एनएच 31 पर बैरीकेडिंग लगाकर वाहन का रास्ता रोक दिया। वाहन की तलाशी के दौरान डाला की सतह के नीचे बनाए गए तहखाने से 16 पैकेट गांजा बरामद किया गया और वाहन सवार दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।