बिहार के समस्तीपुर जिले के काशीपुर स्थित गर्ल्स हाई स्कूल के पास सोमवार देर शाम बाइक सवार अपराधियों ने घर में बैठे युवक को गोलियों से भून दिया। इससे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची नगर थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। युवक की मां होमगार्ड में जबकि पिता नगर परिषद के कर्मी थे।
नगर थानाध्यक्ष सीताराम प्रसाद ने बताया कि युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी के छापेमारी शुरू कर दी गई है। अपराधियों की गोली से मौत का शिकार हुए युवक की रिंकू चौधरी के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि हत्या के कारण का अभी पता नहीं चला है। परिजन के आवेदन और मामले की जांच के बाद ही इसका खुलासा होगा।
मिलीं जानकारी के अनुसार रिंकू देर शाम अपने घर के बरामदे में ग्रिल के अंदर कुर्सी पर अकेला बैठा था। उसी समय दो बाइक पर सवार चार अपराधी पहुंचे और रिंकू पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने इतनी तेजी से फायरिंग किया कि रिंकू को भागने का कोई मौका ही नहीं मिला। वह मौके पर ही ढेर हो गया। बताया गया है कि अपराधियों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाई, जिसमें से चार से पांच गोलियां रिंकू को लगी।
गोलियों की आवाज से काशीपुर मोहल्ले में दहशत फैल गई, जो जहां था अपनी जान बचाने के लिए वहीं दुबक गया। गोली लगने के बाद रिंकू के गिरने पर सभी अपराधी फरार हो गए। गोलियों की आवाज थमने के बाद आसपास के लोग पहुंचे और रिंकू को गिरा देखने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिस पर पुलिस आनन-फानन में पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। सूचना पर पहंुची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है । स्थानीय लोगों ने बताया कि अपराधियों ने कम से कम दस राउंड गोली चलाई। इससे गोलियों की आवाज से सभी लोग सहम गए।