मधेपुरा। थाना क्षेत्र के रामपट्टी गांव में रविवार को 30 लाख रुपये से अधिक का प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। पुलिस ने एक ट्रक पर लदे 282 कार्टन व मैजिक पर लदे सात कार्टन कफ सिरप बरामद किया। हरियाणा नंबर के ट्रक से कफ सिरप की बिल मधेपुरा के दो एजेंसी के नाम बने हुए थे ट्रक से रामपट्टी माल आने के बाद उसे मैजिक पर उतारा जा रहा था। इसी बीच पुलिस ने छापेमारी कर ट्रक को जब्त कर लिया और बड़ी मात्रा में कफ सिरप बरामद किया। फिलहाल पुलिस सिर्फ ट्रक चालक को ही गिरफ्तार कर पाई है। ट्रक चालक ने पुलिस को पूछताछ में कई नाम बताए हैं।
सोमवार को थाने में पत्रकारों को एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि ड्राइवर ने अहम जानकरी दी है। इसके आधार पर कर्रवाई की जा रही है। जल्द से जल्द युवाओं को नशा की लत लगाने वाले अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। कंटेनर का मालिक व ड्राइवर सूर्य नारायण पांडेय राजस्थान का रहने वाला है। इससे पूछताछ में मिली जानकारी से इस अवैध धंधे में लगे कई लोग पुलिस गिरफ्त में होंगे।
एसपी ने बताया कि ट्रक व मैजिक से जब्त 282 कार्टून में 28 हजार 200 बोतल कफ सिरप मिला है। बाजार में कीमत 30 लाख से अधिक है। एसपी ने नशा के कारोबारियों को स्पष्ट कहा कि युवाओं को नशे की लत लगाकर बर्बाद करने वाले को किसी भी सूरत में बख्सा नहीं जाएगा।
मौके पर एसडीपीओ अजय नारायण यादव, थानाध्यक्ष रणवीर कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर सुनीता कुमारी, एसआइ रामेश्वर सफी, उपेंद्र शर्मा मौजूद थे।