सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया माहे पंचायत के वार्ड नंबर 6 में सोमवार की रात्रि एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता मां ने पिपरा थाना में आवेदन देकर घटना में शामिल आरोपित को कड़ी से कड़ी सजा देने की गुहार लगाई है।
दिए आवेदन में उन्होंने सोमवार की रात्रि अंसारूल मियां द्वारा घर में घुसकर उनकी 15 वर्षीय पुत्री के साथ जबरदस्ती करने का आरोप लगाया है। पुत्री के चिल्लाने पर जगी तथा हल्ला करने पर परिवार के सदस्य के साथ-साथ अगल-बगल के लोगों ने दुष्कर्मी को खदेड़ कर पकड़ लिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की और एक पेड़ में बांध दिया। ग्रामीणों ने फिर इसकी जानकारी पिपरा पुलिस को दी। घटना की जानकारी के बाद पिपरा थानाध्यक्ष संतोष कुमार निराला दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर लड़का-लड़की दोनों को थाना ले आए। जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया तथा लड़की को मेडिकल के लिए सुपौल भेज दिया गया।