बिहार के सुपौल सदर थाना क्षेत्र के वार्ड 23 के मरीचा गांव में छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक सोनू का शव रविवार की सुबह घर के पास ही आम के पेड़ से लटका मिला। रतौली निवासी बबलू शर्मा का पुत्र सोनू ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का कहना है कि डिप्रेशन में आकर उसने ऐसा किया।
बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह सुबह कुछ लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। उनकी नजर आम के पेड़ से लटक रहे युवक पर पड़ी। पास जाकर देखा तो वह सोनू था। भागे-भागे इसकी सूचना सोनू के मामा सहित अन्य को दिया। सूचना मिलते ही परिजन आए तो सोनू का शव रस्सी के फंदे से लटक रहा था और शरीर भी ऐंठ गया था।
मृतक के मामा रविंद्र शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले मोहल्ले में चोरी हुई थी। उसमें सोनू को नामजद किया गया था और गृहस्वामी बराबर धमकाते थे। पुलिस और लोगों के रिएक्शन से वह पिछले कुछ दिनों से परेशान रहता था। आज परिणाम सामने है कि उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उधर, घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। लोगों का कहना था कि लड़का होनहार था और इसबार 12 वीं में प्रथम श्रेणी से पास हुआ था।