बिहार के सहरसा जिला के बिहरा थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच जमीन विवाद सुलझाने गयी थी बिहरा पुलिस को लोगों का आक्रोश झेलना पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए पथराव कर दिया। पथराव में पुलिस गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। जवाब में पुलिस को हवाई फायर तक करनी पड़ी। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की बात से इनकार किया है।
जानकारी अनुसार बिहरा थाना क्षेत्र के सत्तर पंचायत के वार्ड नं. 5 (नहर के पास) में काफी लम्बे समय से जयजय राम चौपाल एवं मिथिलेश यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष द्वारा बिहरा थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार भी लगाई गई थी। बिहरा पुलिस द्वारा इस मामले में रिपोर्ट दर्ज तो कर दी गई लेकिन दोनों पक्ष के बीच चल रहे विवाद को सुलझाया नहीं गया था।
स्वतंत्रता दिवस के दिन शनिवार की सुबह उसी जमीन पर एक पक्ष की ओर से खूंटा खंभा गाड़कर झोपड़ी बनाई जा रही थी। इसके बाद दोनों पक्ष के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट एवं तोड़फोड़ होने लगी। एक पक्ष के जयजय राम द्वारा इस बात की जानकारी बिहरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सअनि प्रकाश रजक पुलिस बल के साथ वहां पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू की। कुछ ही देर बाद एक पक्ष के लोगों ने पुलिस पर दूसरे पक्ष को सहयोग करने की बात पर हंगामा शुरू कर दिया।
हालांकि बिहरा थानाध्यक्ष प्रमोद झा सहित पुलिस द्वारा इस मामले में कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। इधर विवादित जमीन पर चौकीदार को तैनात किया गया है। दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। इस मामले में एक पक्ष के दो लोग आंशिक रूप से जख्मी हो गये हैं। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज जहां नहीं की गई है।