सहरसा। सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह के नाम से फेसबुक पर फेक आइडी बनाने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है और फेक आइडी बनाने वालों का भी पता कर लिया है। जानकारी के अनुसार फेसबुक पर आइडी बनाकर उनके फोटो का इस्तेमाल करते हुए कई लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजना शुरू किया। फ्रेंड बनाने के बाद उनके नाम से कई लोगों से पैसे की मांग की गई। लेकिन फेक आइडी बनाने का शक लोगों को हुआ तो ऐसे लोगों ने सदर थानाध्यक्ष को मोबाइल पर इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर मैसेज देकर फेक आइडी बनाने की जानकारी सभी लोगों को देते हुए कई लोगों को दूरभाष पर भी सूचित किया और लोगों से झांसे में नहीं आने का आग्रह किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि फेक आइडी जिसके द्वारा बनाई गई है उसकी लगभग पहचान हो चुकी है। पुख्ता सबूत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर इन दिनों फेसबुक पर दूसरे के नाम से फेक आइडी बनाकर पैसे की ठगी कुछ साइबर बदमाशों द्वारा की जा रही है। प्रशासन ने ऐसे डिमांड करने वालों से सावधान रहने का आग्रह किया है।