सहरसा। कोसी की बाढ़ और पिछड़ेपन को झेलने वाले सहरसा जिले से विदुषी भारती की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नया बाजार निवासी शिक्षक राजेश कुमार व मणिलता सिन्हा की पुत्री पूजा पल्लवी यूनवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज में परचम लहराने जा रही है। एमिटी युनिवर्सिटी उत्तरप्रदेश से बीबीए (एलएलबी) पंचवर्षीय कोर्स से 10 सीजीपीए (विशिष्ट अंक के साथ प्रथम श्रेणी ) प्राप्त करने के बाद पूजा का चयन यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज में मास्टर आफ लॉ (एलएलएम) कोर्स में नामांकन के लिए किया गया है। पूजा पल्लवी जब आठवीं में पढ़ती थी, उसी समय उसके दादा हरिनारायण सिन्हा और दादी निर्मला देवी का निधन हो गया। उसके बाद वह अपने तुनियाही निवासी नाना हरिशंकर प्रसाद और नानी शांति देवी के निर्देशन में कठिन परिश्रम कर अपनी पढ़ाई करती रही। मजबूत इच्छाशक्ति और ²ढ़ संकल्प के कारण पूजा कैम्ब्रिज के नामांकन के लिए चयनित होकर अपने माता- पिता और जिले का नाम रोशन किया। पूजा ह्यूमन रिसोर्स पर पीएचडी कर बाल संरक्षण की दिशा में कार्य करने के लिए इच्छुक है। वह पीएचडी कर लेक्चरर बनना चाहती है। पूजा का एकलौता भाई आदर्श कुमार आइआइटी कर न्यूयार्क में डेटा सांइटिस्ट के पद पर कार्यरत है। पूजा की मिली इस सफलता पर माता- पिता, सगे-संबंधियों व अन्य लोगों में हर्ष व्याप्त है। सभी लोगों ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।