पूर्णिया। सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग लकड़ीपट्टी के पास गुरुवार की दोपहर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने एक बुजुर्ग को कुचल दिया। ट्रक के कुचलने से सिघिया बस्ती निवासी बच्चू यादव (55) की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक खुश्कीबाग से गुलाबबाग की ओर जा रहा था। घटना के बाद मौके से ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जानकारी पाकर घटनास्थल पर पहुंचे रोते-बिलखते परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा एवं ट्रक जब्त कर थाना ले गई।मृतक के परिजन ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे अपने घर से पैदल ही बाजार जाने के लिए घर से निकले थे। घर से निकलकर कुछ दूर लकड़ीपट्टी के पास पहुंचते ही खुश्कीबाग चौहान टोला की ओर से पीछे से आई तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। जहां मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मामले में सदर थाना पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजन को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।