शादी का झांसा देकर एक युवती का यौन शोषण करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित युवा नेता मयंक सिंह को गुरुवार की देर पत्रकारनगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह दानापुर का रहनेवाला है। एक हिन्दूवादी संगठन के साथ ही पटना के माइंस बाइकर्स गिरोह से भी जुड़ा बताया गया है। कई लड़कियों को ब्लैकमेकिंग करने का भी उस पर आरोप हैं। यौन शोषण की शिकार पीड़तिा की ओर से दर्ज एफआईआर के बाद से वह फरार था।
पत्रकारनगर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़िता की ओर से आरोपित नेता के खिलाफ बीते 17 जुलाई को एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पहले पीड़िता की ओर से सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल किया गया था, जिसमें उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी देते हुए नेता पर कई गंभीर आरोप लगाये थे। साथ ही न्याय नहीं मिलने पर सुसाइड करने की चेतावनी भी दी थी। दोनों की थाने पर काउंसलिंग की गई थी लेकिन बात नहीं बनी। एफआईआर के बाद आरोपित बिहारशरीफ में छिप कर रहा था।
नवगछिया से प्रेमी व मासूम बच्ची के साथ घर से भागकर पटना आयी महिला को देर रात कोतवाली पुलिस ने पकड़ लिया। उसके साथ उसका प्रेमी भी धरा गया। कोतवाली पुलिस ने इसकी सूचना नवगछिया थाने की पुलिस को दे दी है। वहां की पुलिस आकर दोनों को नवगछिया ले जाएगी। नवगछिया पुलिस ने पटना पुलिस को सूचना दी थी कि चार बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ भागकर पटना गई है। इस सूचना पर कोतवाली पुलिस ने पटना जंक्शन के पास महिला और उसके प्रेमी को पकड़ लिया। महिला के साथ एक बच्ची भी मिली। पूछताछ में महिला और युवक ने बताया कि दोनों एक दूसरे से प्यार करते हैं और अपने घर से भाग गए हैं। महिला और उसका प्रेमी रोहित नवगछिया के थाना वीरपुर के रहने वाले हैं। महिला का कहना था उसका पति ट्रक ड्राइवर है, जो उसे अक्सर शराब पीकर मारता-पीटता है। उसकी हरकतों से तंग आकर उसने रोहित के साथ रहने का फैसला कर लिया है। रोहित का भी कहना था कि वह महिला के साथ शादी करना चाहता है।