Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR/एनसीटीई की कार्रवाई, सहरसा के आरएम कॉलेज में बीएड पाठ्यक्रम की मान्यता रद्द की - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 9, 2020

BIHAR/एनसीटीई की कार्रवाई, सहरसा के आरएम कॉलेज में बीएड पाठ्यक्रम की मान्यता रद्द की

बिहार के सहरसा जिले के राजेन्द्र मिश्र कॉलेज(RM College) में बीएड पाठ्यक्रम(BEd Education) की मान्यता एनसीटीई (NCTE)  ने रद्दकर दी है। कॉलेज द्वारा बिल्डिंग व शिक्षकों मानक अर्हता को पूरा नहीं किये जाने के कारण अगले सत्र से नामांकन पर रोक लगा दी है। हालांकि कॉलेज प्रशासन ने एनसीटीई के आदेश के खिलाफ हाइकोर्ट में जाने की बात कही है। 

मालूम हो कि राजेन्द्र मिश्र कॉलेज के बीएड विभाग में शिक्षकों की कमी को लेकर दस महीने पूर्व एनसीटीई ने नोटिस किया था। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने शिक्षकों की नियुक्ति की। लेकिन एक शिक्षक नेट उत्तीर्ण नहीं था। साथ ही एनसीटीई द्वारा अलग बिल्डिंग के लिए भी कहा गया था। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि सरकार के स्तर पर पुरानी बिल्डिंग में ही बीएड कोर्स शुरू किया गया था। इसका नक्शा भी एनसीटीई को दिया गया। बावजूद इसके कॉलेज से नक्शा मांगा गया जो उपलब्ध नहीं है। इस कारण एनसीटीई ने मान्यता रद्द कर दी।

  इसके बाद एनसीटीई में पुनर्विचार के लिए भी कॉलेज प्रशासन द्वारा आग्रह किया गया जिसे स्वीकार नहीं किया गया। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि अब 2020-21 सत्र में एनसीटीई के आदेश के मुताबिक नामांकन नहीं होगा। लेकिन एनसीटीई के आदेश के खिलाफ जल्द ही हाइकोर्ट में अपील की जाएगी। मालूम हो कि आरएम कॉलेज में प्रतिवर्ष बीएड के लिए सौ छात्र-छात्राओं का नामांकन होता है। 
 
एनसीटीई से बीएड पाठ्यक्रम को वापस लेने संबंधी पत्र मिला है। एनसीटीई के निर्णय के खिलाफ कोर्ट जाएंगे। - डॉ. अनिलकांत मिश्रा, प्राचार्य, आरएम कॉलेज, सहरसा