Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR/मौसम:उत्तर बिहार के 18 जिलों में अलर्ट जारी, दो दिनों तक तेज आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 9, 2020

BIHAR/मौसम:उत्तर बिहार के 18 जिलों में अलर्ट जारी, दो दिनों तक तेज आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने उत्तर बिहार में अगले दो दिनों तक अलर्ट जारी किया है। पटना, गया, बेगूसराय, नालंदा, मुजफ्फरपुर समेत 18 जिलों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जहां बारिश नहीं होगी वहां भी आसमान में बादल छाए रहेंगे।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश से आने वाली हवाओं की वजह से उत्तर बिहार के जिलों में निम्न हवा के दबाव का क्षेत्र बना है। इसके अलावा बिहार में चक्रवाती हवाओं का दो सिस्टम 900 और 1500 मीटर ऊपर सक्रिय है। दोनों लेयर पर हवा की रफ्तार और उसकी दिशा अलग-अलग है। इससे बिहार के दक्षिणी हिस्से में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है और कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने और तेज हवा चलने की उम्मीद है।

पटना में रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। हालांकि, दोपहर और शाम में थोड़ी देर के लिए धूप निकली। सुबह करीब एक घंटे तक हल्की बारिश हुई। इस वजह से अधिकतम तापमान में दो डिग्री गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद लोग दिनभर उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इस दौरान आसमान पर बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर बारिश होगी।