बीएड प्रवेश जांच परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय में तैयारी जोरों पर है। राज्य स्तरीय जांच परीक्षा में कोसी प्रमंडल में मधेपुरा में परीक्षा आयोजित की जाएगी। 22 सितंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा में मधेपुरा के विभिन्न केंद्रों पर 7101 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। राज्य सरकार ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को राज्य नोडल विश्वविद्यालय दरभंगा बनाया है। बीएड प्रवेश परीक्षा का संचालन ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को ही संचालित करना है। राज्य नोडल पदाधिकारी ने भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के नोडल पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह को पत्र लिखकर परीक्षा संचालन से संबंधित जानकारी दी है। पत्र के अनुसार मधेपुरा 7101 छात्रों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा में कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। बीएनएमयू के नोडल ऑफिसर डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा में स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का कड़ाई से पालन किया जाएगा। इसके तहत एक बैंच पर एक ही छात्र बैठकर परीक्षा देंगे। एक परीक्षार्थी से दूसरे परीक्षार्थी की दूरी छह फीट होगी। बैंच पर क्रॉस सीटिंग की व्यवस्था की जाएगी।
तीन बार बढ़ायी जा चुकी है तिथि: बीएड में नामांकन के लिए आयोजित होने वाली जांच परीक्षा की तिथि तीन बार बढ़ायी जा चुकी है। पहली बार 29 मार्च को परीक्षा की तिथि घोषित की गयी थी। कोरोना संक्रमण के कारण उसे बढ़ा कर 14 जून कर दिया गया। इसके बाद इसकी तिथि फिर बढ़ा कर 19 जुलाई कर दिया गया था। कोरोना के कारण लॉकडाउन में एक बार फिर उसे स्थगित कर दी गयी थी। नोडल विवि ने 22 सितंबर को परीक्षा की तिथि निर्धारित कर सरकार को एप्रुवल के लिए भेजा है। नोडल पदाधिकारी डॉ. सिंह ने बताया कि सभी संभावित परीक्षा केंद्रों की सूची मंगाया गया है। शिक्षण संस्थान के प्रधान से सीटिंग अरेंजमेंट से संबंधित जानकारी ली जा रही है।