सहरसा। दिवंगत सिने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में पिता द्वारा सिने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती सहित अन्य पर पटना में दर्ज मामला दर्ज कराया गया है।
इस मामले में अभिनेता के चचेरे भाई छातापुर के भाजपा विधायक नीरज कुमार बबलू ने रिया चक्रवर्ती के तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा है कि रिया की गिरफ्तारी से पूरे मामले से पर्दा उठ जाएगा।
मीडिया से बातचीत में विधायक ने कहा कि बीते लगभग डेढ़ साल से रिया चक्रवर्ती सुशांत के साथ थी। इस दौरान उसने सुशांत को परिवार वालों से दूर करने के लिए कई प्रयास किए। रिया ने सुशांत के खाते से करोड़ों रुपये निकाले, इसका प्रमाण भी है। पुलिस मामले की पड़ताल करेगी तो सच सामने आ जाएगा। इतने दिनों से मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है। कई लोगों को बुलाया जा रहा है और पूछताछ हो रही है। लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकल रहा है। आखिर जांच क्या हो रही है इसकी सूचना स्वजनों को नहीं दी जा रही है। इसलिए इस मामले तत्काल रिया की गिरफ्तारी होनी चाहिए। ताकि पूरे मामले से पर्दा उठ सके।
बीते साल सहरसा आया था सुशांत
---
यहां बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत पिछले साल मुंडन के लिए अपने ननिहाल खगड़िया जिले के बौरने पहली बार आया था। अपने ननिहाल से यह पहली और आखिरी मुलाकात थी। सुशांत का ननिहाल खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड स्थित बौरने स्थान में है। इसी यात्रा के क्रम में वे पिछले ही साल 11 मई को यहां अपने चचेरे भाई नीरज कुमार बबलू के सहरसा स्थित घर आए थे। खगडि़या जिले के बोरने स्थान स्थित ननिहाल में उनका मुंडन था। तब सुशांत सहरसा में अपने चचेरे भाई सुपौल जिले के छातापुर के विधायक नीरज कुमार बबलू के घर रुके थे। उनकी भाभी नूतन सिंह लोक जनशक्ति पार्टी की विधान पार्षद हैं। सुशांत इस दौरान पैतृक गांव पूर्णिया जिले के बीकोठी प्रखंड स्थित मलडीहा भी गए थे। ननिहाल जाने के दौरान उन्होंने कोसी में नाव की सवारी भी की थी।