Kosi Live-कोशी लाइव SSR सुसाइड केस: सुप्रीम कोर्ट पहुंची रिया चक्रवर्ती, पटना से मुंबई केस ट्रांसफर करने की याचिका दाखिल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 29, 2020

SSR सुसाइड केस: सुप्रीम कोर्ट पहुंची रिया चक्रवर्ती, पटना से मुंबई केस ट्रांसफर करने की याचिका दाखिल

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस मामले में बुधवार को एक नया मोड़ सामने आया। सुशांत की कथित प्रेमिका रिया चक्रवर्ती ने खुद के खिलाफ पटना में दायर केस को मुंबई ट्रांसफर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की है। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की रहस्यमयी मौत के मामले में उनके पिता केके सिंह ने पटना के राजीव नगर थाने में बालीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती और उनके परिजनों पर केस दर्ज करवाया है। आईपीसी की अलग-अलग धाराओं  341, 342, 306, 406, 420 और 380 के तहत एफआईआर की गयी है। 

पिता बोले: सही समय आने पर वे पूरी बात सार्वजनिक करेंगे   
सुशांत सिंह के पिता ने केस दर्ज करने की पुष्टि की है। हालांकि इस बारे में उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर वे अभी बात सार्वजनिक करेंगे तो इसका असर पुलिस की जांच पर पड़ सकता है। लिहाजा सही समय आने पर वे पूरी बात सार्वजनिक करेंगे। 

रिया पर पैसा गबन सहित गंभीर आरोप
पुलिस सूत्रों की मानें तो रिया चक्रवर्ती पर सुशांत सिंह के पिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि रिया ने सुशांत के पैसे गबन कर लिए थे। वे उन्हें परिवार से दूर रखना चाहती थी। इस कारण सुशांत सिंह काफी तनाव में थे। उनका बैंक खाता भी रिया हैंडिल करने लगी थी। काफी पैसे सुशांत के बैंक खाते से गायब थे। 

क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी पर बनी फिल्म के हीरो सुशांत सिंह राजपूत का शव बीते 14 जून को मुंबई के बांद्रा स्थित उनके फ्लैट में मिला था। उनका शव पंखे से लटका हुआ था। शुरुआत में सुशांत की आत्महत्या करने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में मौत को संदिग्ध परिस्थितियों में होना बताया गया। लिहाजा सुशांत की मौत के मामले में कई पहलुओं पर जांच होने लगी। यह बात भी सामने आयी थी कि वे कुछ महीनों से डिप्रेशन में रह रहे थे। मुंबई के कूपर हॉस्पीटल में सुशांत के शव का पोस्टमार्टम हुआ था। यह बात भी सामने आ रही थी कि विसरा रिपोर्ट में सुशांत के शरीर में जहर होने के संकेत नहीं मिले थे।