Kosi Live-कोशी लाइव Lockdown Bihar: बिहार में विस्फोटक हुआ कोरोना; पटना-भागलपुर में फिर से लॉकडाउन; जानें - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 8, 2020

Lockdown Bihar: बिहार में विस्फोटक हुआ कोरोना; पटना-भागलपुर में फिर से लॉकडाउन; जानें

पटना/ भागलपुर/ मुजफ्फरपुर। बिहार में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। विस्‍फोटक स्थित में कोरोना पहुंचता जा रहा है। बुधवार को बिहार व पटना में रिकॉर्ड नए मरीज मिले हैं। इसे देखते हुए तथा संक्रमण की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए पटना व भागलपुर में फिर से लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया गया है। बताया जाता है कि पटना में शुक्रवार से सात दिनों के लिए तो भागलपुर में गुरुवार से चार दिनों का लॉकडाउन लागू किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन ने आवश्‍यक निर्देश दिए हैं। 

भागलपुर में चार दिनों का लॉकडाउन कल से

बिहार के भागलपुर में हाल के दिनों में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। इसे देखते हुए वहां गुरुवार से फिर चार दिनों के लिए लॉकडाउन लागू किया जा रहा है। इस दौरान लोग घरों में रहेंगे। प्रशासन लॉकडाउन के प्रावधानों का सख्‍ती से पालन कराएगा। लॉकडाउन भागलपुर, नवगछिया व कहलगांव के शहरी क्षेत्र में लागू किया जा रहा है। जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने इस बाबत निर्देश जारी कर दिया है।

मास्‍क अनिवार्य, आवश्‍यक सेवाएं रहेंगी बहाल

लॉकडाउन के दौरान दूध, दवा, सब्जी व किराना दुकानें खुली रहेंगी। अन्य आवश्यक सेवाएं भी बहाल रहेंगी। इस अवधि के दौरान गैरसरकारी चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी। किसी भी हालत में बिना मास्क के घर से बाहर आना प्रतिबंधित किया गया है।

संक्रमित व्यक्तियों की पहचान कर सैंपलिंग

डीएम ने सिविल सर्जन को संक्रमित व्यक्तियों की पहचान कर उनकी सैंपलिंग कराने का भी निर्देश दिया है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सिविल सर्जन ने शहरी क्षेत्रों के तीन किलोमीटर के दायरे में चार दिनों तक लॉकडाउन का प्रस्ताव दिया था। 

राजधानी पटना के संक्रमित इलाकों में भी लॉकडाउन

इस बीच राजधानी पटना में भी फिर से लॉकडाउन लगाने की घोषणा कर दी गई है। शुक्रवार से पटना में लॉकडाउन लगाने का निर्णय डीएम ने बैठक में लिया है। बता दें कि बुधवार को पटना में रिकॉर्ड 235 और पूरे बिहार में रिकॉर्ड 749 नए मरीज मिले हैं। दूसरी ओर पटना सिटी में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन महेन्द्रू से लेकर मालसलामी तक कंटेनमेंट जाेन पहले से ही घोषित कर रखा है। एसडीओ राजेश रोशन का कहना है कि खाजेकलां थाना क्षेत्र में लॉकडाउन किया गया है। फिर भी हालात बेकाबू हो रहे हैं। संपूर्ण पटना सिटी में लॉकडाउन को लेकर जिलाधिकारी के आदेश के बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

मुजफ्फरपुर में लापरवाही बरतने वाला एएसआइ निलंबित

उधर, मुजफ्फरपुर में कोरोना संक्रमण को लेकर लापरवाही बरतने के आरोप में सदर थाना के जमादार (एएसआइ) को एसएसपी जयंत कांत ने निलंबित कर दिया है। उसके खिलाफ नगर डीएसपी रामनरेश पासवान ने कार्रवाई के लिए अनुशंसा की थी।

भतीजे व खुद के कोरोना पॉजिटिव होनें की बात छिपाई

डीएसपी की रिपोर्ट में पुलिसकर्मियों के कोरोना संक्रमित होने के मामले में सदर थाना के जमादार की बड़ी लापरवाही सामने आई। उसका भतीजा कोरोना पॉजिटिव था, लेकिन उसने इसकी जानकारी विभाग को नहीं दी, साथ ही होम क्वारंटाइन होने के बदले लगातार थाना आता-जाता रहा। उसने अपनी पॉजिटिव रिपोर्ट भी छिपा ली। इतना ही नहीं, अपने संक्रमित भतीजे को भी साथ घुमाया।