Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा/ मधेपुरा डीटीओ का हेड क्लर्क सहित तीन अन्य शराब के नशे में गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, July 7, 2020

सहरसा/ मधेपुरा डीटीओ का हेड क्लर्क सहित तीन अन्य शराब के नशे में गिरफ्तार

सहरसा/ मधेपुरा. सदर थाना के गश्ती दल ने अलग-अलग जगह छापेमारी कर तीन लोगों को शराब के नशे में गिरफ्तार किया। गिरफ्तार हुए नशेड़ियों में एक मधेपुरा जिले के परिवहन कार्यालय में हेड क्लर्क के पद पर कार्यरत सहरसा निवासी संजीव कुमार उर्फ संजू कुमार है। मिली जानकारी के अनुसार सदर पुलिस ने रविवार की रात उसे तब गिरफ्तार किया जब व नशे की हालत में शंकर चौक पर हंगामा कर रहा था। गिरफ्तार हेड क्लर्क के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी चल रही है।
सहरसा सदर थानाध्यक्ष को दिए गए आवेदन में दारोगा मनोज प्रसाद सिंह ने कहा कि पांच जुलाई की शाम लगभग सात बजे सदर थाने में प्रतिनियुक्त गृहरक्षक अखिलेश कुमार, सुदेश कुमार तथा निर्भय कुमार के साथ सरकारी वाहन से संध्या गश्त, अवैध शराब के भंडारण, बिक्री, परिचालन तथा सेवन करने वाले के विरुद्ध छापेमारी एवं उनकी गिरफ्तारी हेतु थाने से प्रस्थान किए थे। गश्ती के क्रम में रात करीब 9:20 बजे जब वे शंकर चौक पहुंचे तो देखा कि एक व्यक्ति शराब के नशे की हालत में हंगामा कर रहा था। जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ के दौरान अपना नाम संजीव कुमार उर्फ संजू कुमार बताया। वह डीबी रोड अंतर्गत वार्ड नंबर-10 का रहने वाला बताया गया है।

सदर पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से तीन नशेड़ी को किया गिरफ्तार
मधेपुरा डीटीओ के हेड क्लर्क संजीव कुमार उर्फ संजू के अलावा सुखासनी मोड़ के आगे से मो. असर उर्फ मो. असद पिता स्वर्गीय रफीज साकिन हकपाड़ा वार्ड संख्या 14, तिवारी चौक से अनिल कुमार पिता राजकुमार सिंह पता एएनएम स्कूल के पास को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया है। उक्त आशय की जानकारी देते हुए सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि पुअनि मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गश्ती दल ने शहर के तीन अलग-अलग जगहों से तीन नशेड़ियों को गिरफ्तार किया है। शहर के ब्रेथ एनलाइजर नें तीनों के शराब पीने की पुष्टि हुई है। सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि संजीव कुमार उर्फ संजू किसी सरकारी नौकरी में है या नहीं इसकी जानकारी नहीं है। अनुसंधान में पता चल सकेगा। हाालंकि मधेपुरा से मिली जानकारी के अनुसार हेड क्लर्क की शिकायत डीटीओ को मिल चुकी है। डीटीओ ने उसे निलंबित करने का भी संकेत दिया है।

निलंबित होगा हेड क्लर्क
मामले की जानकारी मिली है। सहरसा से एफआईआर मंगवाई जा रही है। एफआईआर के आधार पर उसे निलंबित किया जाएगा।
गोपाल कुमार, प्रभारी जिला परिवहन पदाधिकारी, मधेपुरा