बिहार के सहरसा सदर थाना क्षेत्र के पशुपालन कालोनी वार्ड दो स्थित सत्यम नगर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक अंकित कुमार जरसैन गांव निवासी था और किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता था।
अंकित कबड्डी का भी अच्छा खिलाड़ी था और राज्य स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए हरियाणा जाने वाला था। घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह, अपर थानाध्यक्ष विधि व्यवस्था द्रवेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष अनुसंधान मजबुद्दीन अहमद मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। अंकित को एक गोली सिर में मारी गई। जिसके कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक के हाथ में लोडेड मैग्जीन मिला। कमरे से एक खाली शराब का पैकेट मिला है। जिसकी छानबीन चल रही है। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक मुख्य अपराधी जिसका नाम सामने आया है उसकी तलाशी को लेकर छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल से एक संदिग्ध बाइक बरामद की गई है। जिसकी चाबी मृतक के कमरे में मिली है।
मृतक के पिता दिनेश यादव ने बताया कि अंकित पांच साल से पशुपालन कालोनी में रहकर पढ़ाई करता था। करीब 15 दिनों पूर्व ही उसने रूम बदला है। यहां रहकर इंटर की पढाई करता था और एक दो दिन में एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हरियाणा जाने वाला था। वह मंगलवार की रात नजदीक के ही दोस्त अंशु के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे पर सोने के लिए आ गया था। घटना का पता तब चला जब बुधवार की सुबह अंशु का भाई अंकित को जगाने के लिए आया तो देखा कि कमरा खुला हुआ है और अंकित के सिर में गोली लगी हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि बदमाशों को चिन्हित कर लिया गया है। दो तीन बिंदुओं पर छानबीन चल रही है। दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना का उद्भेदन जल्द कर लिया जाएगा।