पटना। पत्नी को प्रेमी के साथ देखकर पति बौखलाया हुआ था, वह रोज पत्नी और उसके प्रेमी को फंसाने के लिए नए-नए तरीके की साजिश रचने की सोचता रहता। फिर उसने एक दिन एक खौफनाक प्लान बनाया। उसने अपनी ही हत्या की झूठी साजिश इस तरीके से रच डाली कि पुलिस भी उसका पर्दाफाश करने के बाद हैरान है।
घटना पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के शेखोपुर गांव की है जहां से मंगलवार को लापता हुए युवक को पुलिस ने बिहटा इलाके से बरामद कर लिया। गिरफ्तार युवक अशोक सिंह ने पुलिस की पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने पत्नी और उसके प्रेमी को साथ देख लिया था और दोनों को फंसाने के उद्देश्य से उसने खुद की हत्या की झूठी साजिश रची थी।
शातिर युवक ने बताया कि उसने कई दिनों की शोध के बाद अपनी हत्या का प्लान बनाया। उसे अंजाम देने के लिए वह मार्केट से मुर्गा खरीदकर लाया और मुर्गे को काटकर घर में मुर्गे के खून के छींटे गिरा दिए थे, जिसे देखकर पुलिस हत्या मानकर जांच में जुटी रहे। घटना की जानकारी के बाद पुलिस घटनास्थल पहुंची और वहां से खून का सैंपल लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने ही वाली थी तभी मामले का पर्दाफाश कर लिया गया।
थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि अशोक सिंह के भतीजे मृत्युंजय ने चाचा के अपहरण की बात कहते हुए दो लोगों को आरोपित किया था। दोनों से पूछताछ की गई तो मामला खुल गया। फोन के सीडीआर से अशोक को बिहटा से गिरफ्तार कर लिया गया।
अशोक ने बताया कि उसकी पत्नी और सोनू रजक के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा है और दोनों को उसने कई बार साथ-साथ रंगरेलियां मनाते देख लिया है। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पत्नी और उसके प्रेमी को फंसाने की मंशा से उसने फर्जी ढंग से अपनी हत्या की साजिश रची और घटनास्थल पर मुर्गे के खून के छींटे गिरा दिए। इसके बाद वह गायब हो गया।