सहरसा। सोमवार को नया बाजार स्थित आयुष नर्सिंग होम में एक महिला को नई जिदगी नसीब हुई। दरअसल यहां उस महिला का सफल आपरेशन किया गया जिसे एम्स रेफर कर दिया गया था। अब महिला की जिदगी खतरे से बाहर है।
आयुष नर्सिंग होम के डायरेक्टर डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि सोनवर्षा प्रखंड के नया नगर गांव निवासी बलवीर सादा की चालीस वर्षीया पत्नी प्रमीला देवी की पेट में दर्द की शिकायत थी। उसके पेट में बायें तरफ गोला था। सिटी स्कैन की रिपोर्ट में यह पता चला कि हाइडेटिड सिस्ट स्प्लीन में यह गोला बना है। इस महिला को पहले ही एम्स के लिए रेफर कर दिया गया था। डॉक्टर ने बताया कि लॉकडाउन में उन्होंने इस मरीज को देखा था। उन्होंने बताया कि स्वजनों की जिद पर उन्होंने ऑपरेशन का फैसला किया। ऑपरेशन के दौरान स्प्लीन काटकर निकाल दिया गया। जब स्प्लीन काटकर देखा गया तो उसमें मदर सिस्ट के साथ-साथ बुहत सारे सिस्ट थे जो अंडे की शक्ल में थे। महिला की स्थिति अब खतरे से बाहर है।
