साहेबपुरकमाल, बेगूसराय। ताड़ीखाना की आड़ में अवैध रूप से देसी शराब के धंधे में शामिल दो महिला कारोबारियों को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न ताड़ीखाना से गिरफ्तार कर लिया। कारोबारी के पास से 36 लीटर देसी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार कारोबारियों में साहेबपुर कमाल ग्राम निवासी रणजीत चौधरी की पत्नी सुलेखा देवी एवं धारो चौधरी की पत्नी कामिनी देवी है। उक्त जानकारी थानाध्यक्ष सुदिन राम ने दी।
उन्होंने बताया कि ताड़ीखाना की आड़ में धड़ल्ले से देसी शराब निर्माण एवं अवैध बिक्री होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर डीएसपी बलिया अंजनी कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन कर बुधवार की देर शाम साहेबपुर कमाल ग्राम स्थित रंजीत चौधरी, मनोज चौधरी, धारो चौधरी एवं क्रांति देवी के घर पर छापेमारी की गई। जहां से चार प्लास्टिक के डब्बे से देसी शराब बरामद की गई। मौके से कारोबार में शामिल दो महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि शेष कारोबारी पुलिस की भनक लगते ही भाग निकला।
