अररिया में दहेज में बाइक नहीं देने के कारण पति समेत ससुराल वालों ने बहू के खाने में जहर देकर हत्या किये जाने का एक मामला सामने आया है। विवाहिता की मौत शुक्रवार की सुबह इलाज के दौरान सदर अस्पताल में हुई।
मृतक के परिजनों ने पति समेत ससुराल वालों पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। विवाहिता की मौत के बाद सदर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना के बाद नगर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुँच कर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज भेजा। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतका मोरकाही जयनगर भरगामा निवासी पवन यादव की 25 वर्षीया पत्नी चांदनी देवी हैं। मृतका के पिता नरपतगंज निवासी बिंदु यादव ने बताया कि उनकी पुत्री चांदनी देवी की शादी तीन वर्ष पूर्व भरगामा थाना क्षेत्र के मोरकाही जयनगर के पवन यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पवन यादव व उनके माता-पिता दहेज में बाइक मांग किया करते थे। बताया कि शादी के तीन साल होने के बाद भी उनकी बेटी को संतान नहीं होने के कारण भी अक्सर उनके साथ मारपीट व झगड़ा झंझट किया जाता था। इसी दौरान गुरुवार को उनके पति, सास, ससुर व अन्य ससुराल वालों ने जहर खिला दिया। जिससे वह बेहोश हो गई।
ससुराल पक्ष के पड़ोसियों ने इसकी जानकारी फोन पर दी। जानकारी के बाद जब बेटी के ससुराल पहुंचे तो चांदनी बेहोश पड़ी थी। इसके बाद वे लोग उसे इलाज के लिए भरगामा अस्पताल ले गये। भरगामा में गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्ससकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां सदर अस्पताल में इलाज के दौरान चांदनी देवी की मौत हो गई। मृतक के परिजन यशोदा देवी, अशोक यादव, बिजली देवी आदि ने बताया कि घटना को लेकर थाना में आवेदन दिया जाएगा। नगर थानेदार किंग कुंदन ने बताया कि मामला भरगामा थाना का है। मृतका के परिजनों का बयान लेकर उसे भरगामा थाना अग्रसरित किया जाएगा।