Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा।एक दिन में मिले 17 कोरोना पॉजिटिव,जिले में कुल संख्या 79 पहुंची - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 1, 2020

मधेपुरा।एक दिन में मिले 17 कोरोना पॉजिटिव,जिले में कुल संख्या 79 पहुंची


जिले में रविवार को एक बार फिर कोरोना संक्रमितों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोत्तरी हुई है। एक दिन में 17 कोरोना पॉजिटिव केस की पुष्टि हुई है। कोरोना के 17 नए मामले मिलने के बाद जिले में पॉजिटिव केस की संख्या 79 तक पहुंच गयी है। इसमें एक्टिव केस 43 बताए जा रहे हैं। जबकि 36 संक्रमित रहे मरीज कोरोना को मात देकर अपने घर जा चुके हैं।

श्रमिकों की दूसरे राज्यों से वापसी का सिलसिला जारी रहने के बीच जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी का क्रम भी जारी है। हालांकि पॉजिटिव पाए जाने वाले अधिकांश लोग क्वारंटीन किए जा रहे हैं। रविवार को आयी रिपोर्ट में पॉजिटिव मिले लोगों में 16 व्यक्ति चौसा प्रखंड के और एक व्यक्ति मुरलीगंज प्रखंड के हैं। इन लोगों का सैंपल 29 मई को लिया गया था।

बताया गया कि चौसा प्रखंड के पाए गए पॉजिटिव लोगों में चार आईटीआई कॉलेज, पांच बाबा विशु राउत कॉलेज और सात पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थिति क्वारंटाइन सेंटर में रहे रहे हैं। पॉजिटिव मिले व्यक्ति लौआलगाम, फुलौत, रसलपुर धूरिया, कलासन, चिरौरी , वसैठा और मोरसंडा पंचायत के रहने वाले बताए गए हैं। इसके अलावा मुरलीगंज प्रखंड से पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति धरहरा का रहने वाला बताया गया है। बताया गया कि ये सभी लोग गुजरात, महाराष्ट्र और गुड़गांव से मधेपुरा लौटे थे।

जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि जिले में पॉजिटिव पाए गए सभी 17 नए लोग क्वारंटीन किए जा रहे थे। चौसा प्रखंड के 16 और मुरलीगंज प्रखंड के एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। सभी को आइसोलेशन वार्ड में भेजा जा रहा है।