Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा।हथियार के बल पर दुष्‍कर्म, गर्भ ठहरने पर खिला दी दवा, मामला हुआ उजागर तो पकड़े गए आरोपी saharsa news - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 14, 2020

सहरसा।हथियार के बल पर दुष्‍कर्म, गर्भ ठहरने पर खिला दी दवा, मामला हुआ उजागर तो पकड़े गए आरोपी saharsa news

@कोशी लाइव:

सहरसा। जिले के बलवा हाट ओपी अंतर्गत एक गांव में नाबालिग के साथ बलात्कार व जबरन गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि किशोरी की हालत गंभीर हैं।

जानकारी अनुसार बलवा हाट ओपी अंतर्गत एक गांव में 13 वर्षीय लड़की के साथ गांव के ही लड़के ने हथियार के बल पर दुष्कर्म किया। बाद में गर्भ ठहरने पर उसे जबरदस्ती दवा खिला दी। इससे उसकी हालत गंभीर हो गयी। स्वजनों ने जानकारी मिलने पर सहरसा स्थित एक नर्सिंग होम में किशोरी को बुधवार की रात गंभीर हालत में भर्ती कराया। किशोरी के बयान के आधार पर युवक गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार युवक साजन कुमार है।

किशोरी के कहना है कि बीते एक वर्ष से युवक उसे परेशान कर रहा था। एक रात जब उसके माता पिता घर पर नहीं थे तो साजन उसके घर आया। उसने हथियार का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने अपने माता-पिता को इस घटना की पूरी जानकारी दी। आक्राेशित होकर किशोरी  के माता-पिता साजन के घर पहुंचे। उन्‍होंने साजन के स्वजन को घटना की जानकारी दी। किशोरी के माता पिता को घर पर देख, साजन वहां से भाग गया। साजन के स्वजनों ने किशोरी के माता-पिता को गाली-गलौज करते हुए घर से भगा दिया तथा उसको धमकी दी। वे लोग दबंग किस्म के हैं। लोक-लाज के कारण किशोरी और उसके माता-पिता चुप रह गए। 

इस बीच अचानक किशोरी का स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। वह पेट दर्द से परेशान होने लगी। किशोरी के माता-पिता को शक हो गया कि वह गर्भवती है। उसने इसकी शिकायत फ‍िर साजन और उसके स्वजन से की। इसके बाद 10 मई को साजन पीड़िता के पास आया और उसे जबरन एक दवा खिला दी। दवा खाने के बाद उसकी स्थिति और खराब होने लगी। स्वजन उसे अस्पताल लेकर आये। मामला गंभीर होता देख किशोरी के पिता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। किशोरी ने भी सारे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को बताई।  

पुलिस को दिए लिखित बयान में लड़की ने कहा है कि आरोपी युवक के अलावा कई ऐसे लड़के हैं जो लड़कियों के साथ इस प्रकार की घटना कर रहे हैं। उनका वीडियो बना लेते हैं। बाद में उसे ब्लैकमेल किया जाता है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ओपी अध्यक्ष हरेश्वर सिंह ने बताया कि पूछताछ कर उसे जेल भेज दिया गया है।