मधेपुरा। थाना क्षेत्र के पचरासी दियरा इलाके में ट्रैक्टर व ऑटो की टक्कर से ऑटो पर सवार एक युवती की मौत हो गई। घटना गुरुवार की देर शाम की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लौआलगान पश्चमी के आदर्श टोला वार्ड 11 निवासी मृतका के पिता अरुण सिंह ने बताया कि वह अपनी पुत्री नविता कुमारी (18) व अन्य चार लोग के साथ लौआलगान बहियार में खेत में मकई तैयार कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पचरासी मंदिर के पीछे वाला रास्ते पर ऑटो पहुंचा तो विपरीत दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इससे ऑटो सवार नविता के सर व पैर में चोट लगी। वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीण व उससे परिजन ने जख्मी को चौसा पीएचसी में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। युवती की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा था। घटना के बाद चौसा थानाध्यक्ष महेश कुमार रजक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की छानबीन कर प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
लौआलगान पश्चिमी पंचायत के आदर्श टोला निवासी नविता की मौत के बाद उसके पिता अरुण सिंह ने बताया कि दो भाई और चार बहन में वह सबसे बड़ी थी। पिछले साल मैट्रिक की परीक्षा पास की थी। 12वीं की छात्रा थी।
