CoronaVirus Bihar Update, बिहार में शनिवार को कोरोना के 32 नए मरीज मिले हैं जिसके बाद कुल मरीजों की संख्या अब 611 हो गई है। कोरोना ने पहली बार मुजफ्फरपुर जिले में भी पैर पसार लिया है, अब बिहार के 38 जिलों में से 37 जिले कोरोना की चपेट में आ गए हैं। नए मरीजों में बेगूसराय के 12, रोहतास के पांच, मुंगेर में दो, वैशाली में एक, आरा जिले में एक,अरवल में तीन, सिवान में एक, नालंदा में दो खगड़िया के एक, मुजफ्फरपुर में तीन और शेखपुरा में एक मरीज मिले हैं।
मुजफ्फरपुर के मुशहरी में पहली बार तीन कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अब सिर्फ जमुई जिला ही इस महामारी से बचा है। आज 51 लोग इस महामारी को परास्त कर घर लौट गए हैं। राज्य में अब तक कुल 322 संक्रमित लोगों ने कोरोना को पराजित करने में सफलता हासिल की है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर के मुसहरी से शनिवार को तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया की मुसहरी से मिले तीनों संक्रमित मजदूर हैं जो दो दिन पूर्व ही मुजफ्फरपुर वापस लौटे हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमण की जद में आने वाला मुजफ्फरपुर 37वां जिला है।
प्रधान सचिव ने बताया कि मुजफ्फरपुर के अलावा शनिवार को नालंदा, बेगूसराय से 12, मुंगेर दो, रोहतास में पाँच, अरवल से तीन, वैशाली, भागलपुर,खगरिया, शेखपुरा और सिवान से भी एक-एक संक्रमित मिले हैं। प्रधान सचिव ने कहा जिलों से इनकी ट्रैवल और कांटेक्ट हिस्ट्री तलब की गई है। सूत्रों की माने तो इनमें से अधिकांश लोग राज्य के बाहर से प्रदेश लौटे हैं। 32 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 611 हो गई है।
इधर राज्य के स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि राज्य में अब तक 31509 सैंपल की जांच की गई है। जिसमें 611 संक्रमित मिले हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार को 51 लोग कोरोना को परास्त कर अपने घर लौट गए हैं। उनके मुताबिक राज्य में कोरोना से ठीक होने वालों की कुल संख्या 322 हो गई है। जिसके बाद ठीक होने वालों का प्रतिशत अब 53.44 हो गया है।
अबतक 318 कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज ठीक हुए हैं
शनिवार की सुबह 33 और कोरोना पॉजिटिव मरीजों के स्वस्थ होने की बात बिहार के स्वास्थ्यमंत्री मंगल पांडेय ने ट्वीट कर बताई है। उनके अनुसार अबतक 300 कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। हालांकि शाम के बाद 18 मरीज और स्वस्थ हुए।
