बेगूसराय। बेगूसराय में मामूली विवाद में भी गोलीबारी आम बात हो गई है। शुक्रवार की रात भी दो पक्षों में जमकर मारपीट के बाद गोलीबारी शुरू हो गई जिसमें गोली लगने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के संदलपुर गांव की है । घायल युवक का नाम विकास साह और उमा यादव है। बताया जा रहा है कि बाइक लगाने को लेकर बहस के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गयी। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने गोली चलानी शुरु कर दी जिससे दो लोगों को गोली लग गई। गोली लगने के बाद काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पहुंची साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष का कहना है कि दो पक्षों में मारपीट इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें दो लोगों को गोली लगी है। आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
