मधेपुरा। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के निकलने का सिलसिला लगातार जारी ही है। शनिवार को कुमारखंड पीएचसी के एक स्वास्थ्यकर्मी समेत चार लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। सभी चार कोरोना पॉजिटिव निकले कुमारखंड प्रखंड के ही है। यद्यपि संक्रमित स्वास्थ्यकर्मी सिंहेश्वर प्रखंड क्षेत्र के है लेकिन कुमारखंड पीएचसी में पदस्थापित है। पीएचसी में तकनीकी कर्मी के रूप में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मी विभागीय कार्यों से क्वारंटाइन सेंटर भी आया जाया करते थे। वहीं तीन और कोरोना संक्रमित निकले लोगों में दो किशोरी एवं एक 26 साल का युवक हैं। संक्रमित निकली दोनों किशोरी कुमारखंड प्रखंड के टेंगराहा सिकियाहा पंचायत के दमगारा निवासी हैं। दोनों यूपी के नोएडा से वापस आई थी। वापस आने के बाद कुमारखंड में क्वारंटाइन सेंटर पर रखा गया था। वही संक्रमित निकला एक युवक भतनी पंचायत का है। यह दिल्ली से वापस आया हुआ था। 28 मई को अन्य लोगों के साथ इन चारों का सैंपल लेकर जांच के लिए डीएमसीएच भेजा गया था। जहां से शनिवार को इनकी कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट मिलने के बाद सबों को जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज के आइसोलेसन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
अब तक जिले में कुल 62 लोग कोरोना पॉजिटिव निकल चुके हैं। इसमें से 36 लोग इलाज बाद कोरोना मुक्त भी हो चुके हैं। इस तरह अभी जिले में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव मरीज 26 है। इसमें से एक मरीज का जिले से बाहर इलाज हो रहा है। जबकि बाकी 25 का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जिले की पहली कोरोना पॉजिटिव निकली बिहारीगंज की महिला की मौत शुक्रवार को हो चुकी है। यद्यपि मौत कोरोना की वजह से न होकर लीवर कैंसर की वजह से हुई है।

