करजाईन बाजार (सुपौल): करजाईन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंसापुर सहरसा उपशाखा नहर के 19 आरडी पुल के करीब नहर के किनारे शनिवार की अलसुबह करजाईन बाजार निवासी एक सीएसपी संचालक अचेतावस्था में पाया गया। सुबह टहलने के लिए निकले स्थानीय लोगों ने नहर किनारे पानी में एक युवक को फेंका देखकर शोर-गुल की। इसके बाद युवक को नहर किनारे फेंके जाने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। तुरंत ही घटना की सूचना परिजनों को दी गई तथा आसपास के लोगों की मदद से उसे राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सुपौल रेफर कर दिया। बेहोशी की हालत में पाए गए सीएसपी संचालक करजाईन बाजार निवासी जनार्दन मेहता का पुत्र सुजीत कुमार उर्फ छोटू है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएसपी संचालक सुजीत कुमार शुक्रवार की रात में करीब नौ बजे खाना खाकर घर से बाहर निकला था। करीब एक घंटे बाद भी वह जब वापस घर नहीं आया तो परिजन उसकी खोजबीन करने लगे। परिचितों से पूछताछ एवं देर रात तक खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसको लेकर चितित परिजनों को शनिवार की अल सुबह खबर मिली की सुजीत कुमार बेहोशी की हालत में नहर के किनारे पानी में फेंका हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार नहर किनारे पानी में पाया गया सीएसपी संचालक युवक के गले में गमछा लपटा हुआ था तथा नाक एवं मुंह से खून बह रहा था। आशंका जताई जा रही है कि मारपीट के बाद गमछे से गला दबाकर मरा हुआ समझ कर उसे नहर के किनारे पानी में फेंक दिया गया। वैसे घटना को जमीन विवाद से भी जोड़ कर देखा जा रहा है। इस संबंध में करजाईन थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व हुए जमीन विवाद के मामले में सीएसपी संचालक सुजीत कुमार के पिता जनार्दन मेहता एवं दूसरे पक्ष के उनके पड़ोसी को गिरफ्तार कर न्यायालय में सुपुर्द किया गया था। वैसे अभी तक किसी भी तरह की लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।
Saturday, May 30, 2020
सुपौल।उपशाखा नहर के किनारे अचेतावस्था में मिला सीएसपी संचालक
कोशी लाइव
खबरों की सुझाव और विज्ञापन देने के लिए अभी संपर्क करें!Editor: Amar Akky
WhatsApp No:9570452002
