रंगदारी मांगने गए दो युवकों को किया पुलिस के हवाले
सुपौल: रंगदारी मांगने गये दो युवकों को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना सुपौल नगर परिषद के वार्ड नंबर 19 बंजारा टोला की है। उक्त टोला निवासी मु. सरफराज आलम ने घटना को ले सदर थाना में मामला दर्ज करवाया है। सरफराज आलम ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार की शाम अपने घर के पीछे बांस काट रहा था तभी वार्ड नंबर 19 निवासी विवेक कुमार एवं वार्ड नंबर 20 निवासी विपिन कुमार पासवान अपने हाथ में पिस्तौल लेकर आया और कहा कि तुमसे पांच हजार रुपये रंगदारी मांगा था जो अभी तक नहीं दिया है। अगर आज नहीं दोगे तो जान से मार देंगे। इसका विरोध करने पर दोनों हाथापाई करने लगे। उसी बीच काफी लोग जमा हो गये और घेर कर दोनों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पकड़ने के दौरान पिस्तौल झाड़ी की तरफ फेंक दिया। थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया कि दोनों युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।