Kosi Live-कोशी लाइव बिहार:मां के शव पर रखे चादर से खेल रहे बच्चे का वीडियो वायरल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 27, 2020

बिहार:मां के शव पर रखे चादर से खेल रहे बच्चे का वीडियो वायरल


पटना| 

Lockdown 4.0: बिहार में रेलवे स्‍टेशन पर महिला प्रवासी की मौत, मां के कफन को आंचल समझ खेलते रहे दोनों बच्‍चे। उन बच्‍चों को पता तक नहीं था कि उनके सिर से ममता का आंचल छिन गया है। यह हादसा मुजफ्फरपुर रेलवे स्‍टेशन पर हुआ है। महिला के शव को स्टेशन पर उतारा गया। महिला कटिहार की बतायी जा रही है। इस घटना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक छोटा सा बच्चा अपनी मां के कफन को ममता का आंचल समझ उसके साथ खेलता नजर आ रहा है। 

यह हुई घटना 

मुजफ्फरपुर जंक्शन पर सोमवार को एक कटिहार की महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसके दो बच्चों के सिर से ममता का आंचल छिन गया। मृतका की पहचान कटिहार जिले के आजमनगर थाना के आजमनगर निवासी स्व. इस्लाम की पत्नी अरबीना खातून (31 वर्ष) के रूप में हुई। अरबीना की मौत ट्रेन में सफर के दौरान मुजफ्फरपुर पहुंचने से कुछ समय पूर्व हो गई। रेल पुलिस ने प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर उसका शव उतारा।

दो बच्चे हुए अनाथ

अहमदाबाद से मुजफ्फरपुर के लिए चली विशेष श्रमिक ट्रेन में कटिहार जिले आजमनगर थाना के आजमनगर निवासी अरबीना खातून की मौत के बाद तीन वर्षीया रहमत और चार वर्षीय अरमान अनाथ हो गए। अरबीना के पति इस्लाम की पहले ही मौत हो चुकी है। अरबीना अपनी बहन कोहिनूर खातून व बहनोई वजैर आलम के साथ अहमदाबाद की स्टील फैक्ट्री में मजदूरी करती थी। प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर अरबीना के शव के पास अपने एक और अरबीना के दो बच्चों के साथ कोहिनूर खातून विलाप करती नजर आई। बताया कि वह मानसिक रूप से भी बीमार चल रही थी।

तीन दिनों से चल रही थी बीमार

जिला सूचना व जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह ने बताया कि कटिहार की महिला तीन दिनों से बीमार चल रही थी। ट्रेन में ही उसकी मौत हो गई। बता दें कि उसी रोज पश्चिमी चंपारण के बच्चे की मौत भी बीमारी से हो गई। प्रशासन द्वारा बच्चे के शव और स्वजनों को एंबुलेंस के जरिये उनके घर भेज दिया गया है।