बेगूसराय। लोहिया नगर थाना क्षेत्र के पन्हासा चौक पर शुक्रवार की देर रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने गश्त कर रहे होमगार्ड जवान को रोकने पर सिर में गोली मार दी। घटना में मंझौल के बिचखन्ना निवासी हरेराम सहनी के पुत्र होमगार्ड जवान राजवर्धन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपितों से वारदात को लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक होमगार्ड जवान के पिता खगड़िया के परबत्ता में कार्यरत गृहरक्षक हैं।
गश्ती के लिए देर रात जीत से थे निकले
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात पुलिस की टीम गश्त करने जीप से निकली थी। जीप में मंझौल के बिचखन्ना निवासी होमगार्ड जवान राजवर्धन कुमार उर्फ पिंटू कुमार भी सवार थे। गश्ती के दौरान पुलिस कर्मियों का वाहन सूजा की तरफ से लौट रहा था। वहीं दूसरी दिशा से एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक सूजा की ओर जा रहे थे। देर रात एक साथ तीन लोगों को जाते हुए देख जवानों ने उन्हें रोक लिया। इसी बीच बाइक सवार तीन में से एक युवक ने होमगार्ड जवान के सिर में गोली मार दी।
घटनास्थल पर ही जवान ने तोड़ा दम
गोली लगते ही जवान सड़क पर गिर गया। इस बीच मौका पाकर अपराधियों ने भागने कि कोशिश की मगर अन्य पुलिस कर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। जबतक घायल होमगार्ड को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जाता उन्होंने दम तोड़ दिया। आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि देर रात अपराधी हथियार लेकर कहां जा रहे थे इसको लेकर छानबीन की जा रही है। इधर, राजवर्धन की मौत से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल। परिवार के कई सदस्य तो बेसुध हो जा रहे हैं। खगड़िया के परबत्ता में गृहरक्षक पद पर कार्यरत राजवर्धन के पिता को घटना की सूचना दे दी गई है।
